महाराष्ट्र के लातूर में रहने वाले एक युवक को कुछ आरोपियों ने बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने कथित तौर पर युवक के सारे कपड़े उतारकर उसे बेल्ट से पीटा। इसके बाद भी आरोपियों की इंसानियत नहीं जागी और उन्होंने युवक के प्राइवेट पार्ट पर पेट्रोल डाल दिया। बुरी तरह पीटने के बाद वे युवक को उसी हालत में छोड़कर चले गए। यह घटना लगभग 2 महीने पुरानी है। युवक की पिटाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस इस वीडियो को देखने के बाद जांच-पड़ताल में जुट गई है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित को बेहद बुरी तरह पीटा गया। पुलिस ने इस मामले की जांच-पड़ताल शुरू की, तो पता चला कि पीड़ित युवक लातूर का रहने वाला है। हालांकि, पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। इसी कारण पुलिस को पहले इस घटना के बारे में पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें: प्रेम जाल, शादी का झांसा और फिर बिक्री, बंगाल के रेड लाइट एरिया से युवती बरामद
दो महीने पहले हुई घटना
इस मामले की जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को पता चला कि यह घटना लगभग 2 महीने पहले हुई थी। पुलिस ने पीड़ित युवक को तलाश किया। इसके बाद उससे घटना के बारे में पूछताछ की। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे सड़क पर पीटने के बाद चले गए थे।
इसके बाद वह कुछ देर तक सड़क पर ही लेटा रहा और फिर अपने घर चला गया। पिटाई की वजह से पीड़ित बुरी तरह घायल हो चुका था। इसके बाद पीड़ित युवक ने अपना इलाज कराया। पीड़ित युवक ने पुलिस के सामने बताया कि वह इस घटना की वजह से इतना सहम गया था कि पुलिस थाने जाकर शिकायत भी दर्ज नहीं करा पाया।
यह भी पढ़ें: बिहार के सम्राट ने की उद्योग विभाग की समीक्षा, औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार
मामले की जांच-पड़ताल जारी
इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। पीड़ित की तलाश कर ली गई है और उसे पुलिस थाने आकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए कहा गया है। आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें पुलिस अब तक ढूंढ नहीं पाई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले के आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।