logo

मूड

ट्रेंडिंग:

AI एजेंट को मना किया, फिर भी डेटा मांगता रहा, कितना सुरक्षित है आपका कंट्रोल?

AI एजेंट को दी गई एक बार की अनुमति क्या हमेशा के लिए डेटा तक पहुंच का रास्ता खोल देती है? NewCore की 17 नवंबर 2026 की रिसर्च में बताया गया कि Grok Bot एजेंट्स ने मना करने के बावजूद जुड़े ऐप्स से डेटा लेने की 31 बार कोशिश की लेकिन सिक्योरिटी गेटवे ने सभी रिक्वेस्ट रोक दीं।

Representative Image

सांकेतिक तस्वीर, AI Generated image

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

तेजी से बढ़ते AI के इस्तेमाल और 17 नवंबर 2026 को सामने आई NewCore की रिसर्च ने कई बड़े सवाल खड़े किए हैं। जैसे AI एजेंट को दी गई एक बार की अनुमति क्या हमेशा के लिए आपके डेटा का दरवाजा खोल देती है? बिना बातचीत के बैकग्राउंड में हो रही हर कोशिश का रिकॉर्ड यूजर को मिलना चाहिए? इस रिसर्च में बताया गया कि Grok Bot एजेंट्स ने मना करने के बावजूद जुड़े ऐप्स से जानकारी लेने की 31 बार कोशिशें कीं थी। हालांकि सिक्योरिटी गेटवे ने हर रिक्वेस्ट को मना कर दिया।

 

यह मामला किसी डेटा चोरी या लीक का नहीं है बल्कि AI एजेंट्स पर यूजर के कंट्रोल और पारदर्शिता की कमी को उजागर करता है। जब लोग अपने ईमेल, कैलेंडर या दूसरे कामकाजी ऐप्स को AI से जोड़ते हैं तो सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि AI अपनी मर्जी या बैकग्राउंड प्रक्रिया के जरिए कब और कितनी दूर तक पहुंच सकता है।

 

यह भी पढ़ें: अपनी फोटो को दें GTA 6 गेम जैसा लुक, ChatGPT पर लिखें ये प्रॉम्प्ट

NewCore की रिसर्च में क्या निकला?

17 नवंबर 2026 को NewCore ने 'Do You Know What Your Grok Bot Did Last Night?' नाम से अपनी रिसर्च जारी की। इसमें पांच दिनों तक xAI के दो Grok Bot एजेंट्स की गतिविधियों को देखा गया। इस दौरान दोनों एजेंट्स ने Google Calendar, Gmail, Slack, GitHub और Notion जैसे प्लेटफॉर्म्स से डेटा लेने के लिए कुल 31 रिक्वेस्ट किए। चौंकाने वाली बात यह रही कि इनमें से कई रिक्वेस्ट तब आए जब कर्मचारी AI से बात नहीं कर रहे थे या फिर उनका लैपटॉप बंद या स्लीप मोड में था। रिसर्च के मुताबिक एक कर्मचारी ने चार बार लगातार चेक-इन के प्रस्ताव को मना किया। इसमें AI ने दोबारा ऐसा न करने की बात भी कही लेकिन अगली बार ऐप्स से जुड़े जानकारी लेने की कोशिश फिर हुई। जब AI से इस बारे में पूछा गया तो उसने कहा कि उसने कोई डेटा एक्सेस नहीं किया।

 

हालांकि, यह समझना बेहद जरूरी है कि इन 31 प्रयासों के जरिए कोई डेटा पढ़ा नहीं जा सका। NewCore के MCP Security Gateway ने हर प्रयास को बीच में ही रोक दिया, जिससे किसी को मंजूरी नहीं मिली और समय पूरा होने पर वे खत्म हो गए। यानी यह डेटा चोरी का मामला नहीं बल्कि बिना नए निर्देश के डेटा तक पहुंचने की कोशिशों का मामला था।

एक बार परमीशन मिलने का क्या मतलब?

मान लीजिए आपने किसी AI एजेंट को अपने Gmail और Google Calendar से यह जानने के लिए जोड़ा कि सोमवार को कौन-सी मीटिंग है। इसके लिए आपने उसे कैलेंडर पढ़ने की अनुमति दी लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या इसका मतलब यह है कि वह आगे भी कभी भी आपका कैलेंडर देख सकता है? तकनीकी रूप से यह इस बात पर निर्भर करता है कि अनुमति किस तरह दी गई है। जब हम किसी थर्ड-पार्टी ऐप को अकाउंट से जोड़ते हैं तो OAuth जैसी व्यवस्था के जरिए उसे ईमेल पढ़ने, ईमेल भेजने, कैलेंडर देखने या उसमें बदलाव करने जैसी खास अनुमतियां मिलती हैं। 

 

कई बार एक्सेस टोकन खत्म होने के बाद रिफ्रेश टोकन की मदद से नया टोकन मिल जाता है। इसलिए हर बार दोबारा लॉगिन या अनुमति मांगने की जरूरत नहीं पड़ती। इसका मतलब यह है कि एक बार जोड़ने पर हमेशा केवल एक बार का एक्सेस नहीं रहता लेकिन इसका यह भी अर्थ नहीं कि AI को हर चीज देखने की खुली छूट मिल जाती है।

 

यह भी पढ़ें: Apple Outage: एप्पल पर हुआ साइबर अटैक? कंपनी ने बताई सर्विस ठप पड़ने की वजह

AI की एक्टिविटी चैट हिस्ट्री में क्यों नहीं दिखतीं?

आम तौर पर हम जो भी बातचीत करते हैं, वह चैट हिस्ट्री में दर्ज रहती है। लेकिन NewCore के अनुसार Grok Bot के ये बैकग्राउंड अनुरोध सामान्य चैट हिस्ट्री में नहीं दिखे। इस वजह से कर्मचारी को केवल अपनी चैट देखकर यह पता नहीं चल सकता था कि रात में या बातचीत के बीच किन ऐप्स तक पहुंचने की कोशिश हुई।

 

AI एजेंट केवल चैटबॉट नहीं होते। वे बैकग्राउंड में चलने वाली प्रक्रिया के जरिए अपने आप काम कर सकते हैं। इस मामले में NewCore का कहना था कि कुछ बैकग्राउंड चेक-इन सर्वर की तरफ से शुरू हुए जो बातचीत का हिस्सा नहीं थे। इसलिए चैट हिस्ट्री में नहीं आए। जब AI से पूछा गया कि क्या उसने कोई एक्टिविटी की तो उसने मना किया। इसका मतलब जानबूझकर झूठ बोलना नहीं बल्कि यह भी हो सकता है कि उसे अपनी चैट हिस्ट्री में उन बैकग्राउंड गतिविधियों की जानकारी ही न रही हो।

अनुमति वापस लेना कितना आसान और जरूरी है?

AI को रोकने के मामले में दो अलग-अलग कदमों को समझना जरूरी है। पहला है बैकग्राउंड में अपने आप होने वाले काम को रोकना। रिपोर्ट के मुताबिक, xAI ने 12 नवंबर 2026 को Cursor Dashboard में एक नया कंट्रोल दिया। इससे टीम एडमिन Grok Bot की सेटिंग में जाकर मेसेज बंद कर सकते हैं। इसे बंद करने पर अपने आप होने वाले चेक-इन रुक जाते हैं, जबकि यूजर के कहने पर होने वाले काम जारी रह सकते हैं।

 

दूसरा कदम है अकाउंट तक पहुंच को पूरी तरह बंद करना। अगर आप नहीं चाहते कि AI आपके ईमेल तक पहुंचे तो सिर्फ बैकग्राउंड चेक-इन बंद करना काफी नहीं हो सकता। आपको संबंधित अकाउंट की कनेक्टेड ऐप्स सेटिंग में जाकर एक्सेस भी हटाना पड़ता है। Google जैसी सेवाओं में OAuth अनुमति हटाने पर संबंधित एक्सेस और रिफ्रेश टोकन अमान्य किए जा सकते हैं। इसलिए केवल चैट में मना कर देना हमेशा काफी नहीं होता। कई बार तकनीकी स्तर पर भी अनुमति हटानी पड़ती है।

इस रिसर्च की सीमाएं क्या हैं?

इस रिसर्च में केवल दो Grok Bot एजेंट्स को पांच दिनों तक देखा गया, इसलिए इतने छोटे सैंपल के आधार पर यह नहीं कहा जा सकता कि हर यूजर के साथ ऐसा ही हो रहा है। साथ ही, 31 अनुरोध सिक्योरिटी गेटवे द्वारा रोक लिए गए थे, इसलिए डेटा वास्तव में एक्सेस नहीं हुआ और इसे डेटा चोरी या लीक नहीं माना जा सकता। इसके अलावा, रिसर्च करने वाली कंपनी NewCore खुद AI एजेंट्स की सुरक्षा और एक्सेस कंट्रोल से जुड़ी सेवाएं देती है, इसलिए स्वतंत्र तकनीकी पुष्टि का महत्व भी बना रहता है। 

भारत के लिए यह मुद्दा क्यों अहम है?

भारत में भी लोग तेजी से AI को अपने ईमेल, कैलेंडर, ऑफिस फाइलों और दूसरे अकाउंट्स से जोड़कर काम करवा रहे हैं। ऐसे में यह समझना जरूरी हो जाता है कि यूजर को अपनी दी गई अनुमतियों की कितनी जानकारी है, वह उन्हें आसानी से वापस ले सकता है या नहीं।  

 

यह भी पढ़ें: आपका डेटा कौन इस्तेमाल करेगा? अब एक जगह से तय कर सकेंगे आप; सरकार का प्लान समझिए

 

भारत का Digital Personal Data Protection Act, 2023 व्यक्तिगत डेटा के मामले में सहमति, सहमति वापस लेने और डेटा फिड्यूशियरी की जिम्मेदारियों की बात करता है। हालांकि, इसे सीधे इस घटना पर लागू मान लेना सही नहीं होगा।  क्योंकि यह देखना जरूरी है कि कंपनी, डेटा और प्रोसेसिंग पर भारतीय कानून लागू होता है या नहीं। इसके अलावा सहमति के अधिकार व हर AI गतिविधि के लिए अलग अनुमति की बाध्यता में फर्क भी है। 

Related Topic:#AI#AI Chatbot

और पढ़ें