एप्पल कंपनी के नए प्रीमियम फोन आईफोन 18 प्रो मैक्स को लेकर कुछ बड़े खुलासे हुए हैं। इस नए मॉडल में दो सबसे मुख्य बदलाव देखने को मिलेंगे। पहला बदलाव यह है कि इसमें दुनिया की पहली 2-नैनोमीटर तकनीक वाली 'ए20 प्रो चिप' होगी। दूसरा बदलाव इसके कैमरे में होगा, जिसमें एक नया वेरिएबल अपर्चर कैमरा सिस्टम दिया जाएगा। इस बार कंपनी के बॉस टिम कुक की जगह जॉन टर्नस इस बड़े लॉन्च इवेंट को होस्ट कर सकते हैं।
एप्पल कंपनी इस फोन को सितंबर 2026 के पहले या दूसरे हफ्ते में लॉन्च कर सकती है। इस बार कंपनी फोन लॉन्च करने की प्लानिंग में एक बड़ा बदलाव कर रही है। सितंबर के महीने में सिर्फ महंगे और प्रीमियम मॉडल ही बाजार में उतारे जाएंगे। इनमें आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और एप्पल का पहला फोल्डेबल फोन शामिल होगा। वहीं, सस्ते और नॉर्मल मॉडल जैसे आईफोन 18 और आईफोन 18ई को अगले साल यानी 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: सोने चांदी के दाम में बड़ी गिरावट, आपके शहर में क्या हैं नई दरें?
भारत में कितनी होगी कीमत
भारत में Iphone 18 प्रो मैक्स की शुरुआती कीमत लगभग 1,49,900 रुपये से लेकर 1,60,000 रुपये के बीच होने की उम्मीद है। बाजार में कंपोनेंट्स महंगे होने के बाद भी एप्पल कंपनी इसकी कीमत को बहुत ज्यादा नहीं बढ़ाएगी ताकि प्रीमियम मार्केट में इसका दबदबा बना रहे। इसके बड़े स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत और ज्यादा हो सकती है। इसके साथ ही चर्चा है कि फोन के कुछ एडवांस एप्पल इंटेलिजेंस फीचर्स के लिए बाद में अलग से सब्सक्रिप्शन फीस भी देनी पड़ सकती है।
कैसा होगा नया कैमरा सिस्टम?
फोन के पीछे ट्रिपल कैमरा सेटअप में वेरिएबल अपर्चर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक की मदद से यूजर खुद यह तय कर सकते हैं कि कैमरे के लेंस के अंदर कितनी रोशनी जानी चाहिए, जिससे तस्वीरें बिल्कुल असली डीएसएलआर कैमरे जैसी आएंगी। इसमें थ्री-लेयर स्टैक्ड इमेज सेंसर लगाया गया है जो रात के अंधेरे में भी बिना किसी न्वॉइस या धुंधलेपन के साफ फोटो खींच सकता है। इसके साथ ही फ्रंट सेल्फी कैमरे को भी 18 मेगापिक्सल से बढ़ाकर सीधे 24 मेगापिक्सल का किया जा रहा है। नया भारी हार्डवेयर होने के कारण फोन के कैमरे का बम्प थोड़ा बाहर की तरफ निकला हुआ यानी 11.54 मिलीमीटर से लेकर 13.77 मिलीमीटर तक मोटा दिख सकता है।
इस बार कंपनी कुछ नए और आकर्षक रंग लेकर आ रही है। इसमें सबसे खास और सिग्नेचर रंग डार्क चेरी होगा जो देखने में गहरे लाल यानी वाइन कलर जैसा लगेगा। इसके अलावा एक लाइट ब्लू रंग का विकल्प भी मिलेगा जो देखने में पहले के सिएरा ब्लू जैसा सुंदर लगता है। साथ ही हमेशा की तरह डार्क ग्रे और सिल्वर रंग भी ग्राहकों के लिए मौजूद रहेगा। इस बार दो अलग शेड वाले ग्लास की जगह फोन का बैक पैनल पूरी तरह से एक जैसा सिंगल टोन और मजबूत बनाया गया है।
कैसी होगी स्क्रीन और डिस्प्ले?
Iphone 18 प्रो मैक्स में 6.9 इंच की एलटीपीओ प्लस ओएलईडी स्क्रीन मिलेगी, जो बैटरी को पहले से कम खर्च करेगी। स्क्रीन के ऊपर का डायनेमिक आईलैंड पहले से 35 प्रतिशत छोटा कर दिया गया है क्योंकि इसके फेस आईडी वाले कुछ हिस्सों को स्क्रीन के अंदर ही छुपा दिया गया है। नए सॉफ्टवेयर अपडेट के साथ सिरी भी अब एक छोटे गोल ऑर्ब की तरह इसी छोटी जगह में सिमट जाएगी। इस स्क्रीन का रिफ्रेश रेट 120हर्ट्ज से बढ़ाकर 144हर्ट्ज किया जा सकता है।
इस फोन के अंदर एप्पल की सबसे नई ए20 प्रो चिप लगी है, जो 2-नैनोमीटर तकनीक से बनी है। यह नया मॉडल पुराने मॉडल के मुकाबले 15 प्रतिशत ज्यादा तेजी से काम करेगा और 30 प्रतिशत कम बैटरी खाएगा। इसमें नए तरीके से मेमोरी को चिप के बहुत पास लगाया गया है ताकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के काम बहुत तेजी से हो सकें। गेमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए इसमें 12 जीबी रैम दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस ही काफी नहीं, पर्सनल बीमा है जरूरी, समझिए क्यों
बैटरी और नेटवर्क के नए फीचर्स
इस फोन में लगभग 5,100 से 5,200 एमएएच की बड़ी बैटरी मिलने वाली है। इसके अलावा कंपनी इसमें पहली बार क्वालकॉम को छोड़कर अपना खुद का बनाया हुआ इन-हाउस सी2 मॉडम लगा रही है जिससे 5जी इंटरनेट की स्पीड बेहतर मिलेगी और फोन गर्म भी नहीं होगा। इस फोन में एक और खास सैटेलाइट कनेक्टिविटी सुविधा मिलेगी जिससे मोबाइल नेटवर्क न होने पर भी सैटेलाइट की मदद से पूरे इंटरनेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके अलावा साइड में दिया गया कैमरा कंट्रोल बटन अब कैपेसिटिव टच की जगह एक असली फिजिकल बटन की तरह महसूस होगा।