देशभर में आज 1 जुलाई से कई अहम बदलाव हो रहे हैं, जिनका सीधा आप पर असर पड़ेगा। करदाताओं को ITR-1 और ITR-2 भरने के लिए सिर्फ 31 जुलाई तक का समय मिला है, देरी पर पेनाल्टी लग सकती है। वहीं आधार कार्ड में ईमेल अपडेट अब छह महीने तक फ्री हो गया है। पासपोर्ट बनवाने वालों को सबसे ज्यादा झटका लगा है, जहां नॉर्मल 36 पेज पासपोर्ट की फीस 1500 से बढ़कर 2500 रुपये और तत्काल 5000 रुपये हो गई है।
HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड होल्डर्स को अब एयरपोर्ट लाउंज की फ्री सुविधा पाने के लिए पिछले तीन महीने में कम से कम 60,000 रुपये खर्च करने होंगे। SBI के कुछ फोनपे क्रेडिट कार्ड्स पर रिवॉर्ड पॉइंट्स की सीमा तय कर दी गई है। साथ ही RBI ने बैंकों द्वारा गलत तरीके से बीमा या निवेश प्रोडक्ट बेचने पर सख्त नियम लागू कर दिए हैं, जिससे ग्राहकों को नुकसान होने पर पूरा रिफंड और मुआवजा मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें: NPS में निवेश से पहले इन बातों को जरूर जान लीजिए, नहीं तो हो सकता है नुकसान
ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख, आधार में ईमेल अपडेट फ्री, पासपोर्ट फीस बढ़ोतरी और बैंक नियमों में सख्ती जैसे बड़े बदलाव हो रहे हैं। इनका आप पर असर क्या होगा, आइए जानते हैं-
ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ITR-1 और ITR-2 भरने वाले लोगों को 31 जुलाई 2026 तक अपना इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करना होगा। अगर समय पर फाइल नहीं किया तो पेनाल्टी लग सकती है, कुछ टैक्स छूट नहीं मिलेगी।
आधार में ईमेल अपडेट अब फ्री
1 जुलाई से UIDAI ने आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल पता अपडेट करने का 75 रुपये का शुल्क माफ कर दिया है। यह सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक छह महीने के लिए पूरी तरह फ्री रहेगी। आधार की डिटेल्स अपडेट रखने से कई सेवाओं और फाइनेंशियल कामों में आसानी होती है।
यह भी पढ़ें: कॉमर्शियल LPG से प्रतिबंध हटा, आप पर क्या असर पड़ेगा? समझिए
पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया
1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना महंगा हो जाएगा। यह बढ़ोतरी नया पासपोर्ट और री-इश्यू दोनों पर लागू होगी। विदेश जाने की योजना बना रहे लोगों को अब ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। नए शुल्क कुछ इस तरह रहेंगे-
- नॉर्मल 36 पेज पासपोर्ट: 2,500 रुपये (पहले 1,500 रुपये)
- नॉर्मल 60 पेज पासपोर्ट: 3,500 रुपये (पहले 2,000 रुपये)
- तत्काल 36 पेज: 5,000 रुपये
- तत्काल 60 पेज: 6,000 रुपये
HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड पर लाउंज सुविधा में बदलाव
HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड होल्डर्स को हर कैलेंडर क्वार्टर में तीन फ्री डोमेस्टिक एयरपोर्ट लाउंज विजिट तभी मिलेंगे, जब पिछले क्वार्टर में कम से कम 60,000 रुपये खर्च किए हों। जुलाई-सितंबर 2026 में लाउंज सुविधा लेने के लिए अप्रैल-जून 2026 में 60,000 रुपये खर्च जरूरी है।
SBI कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स में बदलाव
SBI कार्ड फोनपे एसबीआई क्रेडिट कार्ड पर्पल और सलेक्ट बैंक वेरिएंट पर 1 जुलाई से रिवॉर्ड पॉइंट्स प्रोग्राम बदल रहा है। अब मासिक सीमा लग जाएगी। कुछ खास तरह के ट्रांजेक्शन पर रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे।
RBI ने क्या बदलाव किए हैं?
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) 1 जुलाई से बैंक द्वारा गलत तरीके से प्रोडक्ट बेचने रोकने के नए नियम लागू कर रहा है। अगर ग्राहक को बिना सहमति या गुमराह करके कोई प्रोडक्ट बेचा गया तो बैंक को पूरा रिफंड देना होगा और नुकसान की भरपाई भी करनी होगी। इसके साथ ही बैंक मार्केटिंग कॉल्स पर भी समय की पाबंदी लगाई गई है।