रंगों के त्योहार होली पर घर जाने का प्लान बना रहे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सेंट्रल रेलवे ने मुंबई और पुणे से उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों के लिए कुल 186 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों के लिए बुकिंग आज यानी 18 फरवरी 2026 से शुरू हो गई है।
रेलवे की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक ये स्पेशल सर्विस मुंबई और पुणे से बनारस, गोरखपुर, समस्तीपुर, दानापुर, नागपुर, सावंतवाड़ी रोड और हजरत निजामुद्दीन जैसे बड़े स्टेशनों के लिए मिलेंगी। इनमें 94 होली स्पेशल और 92 दूसरी स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: किसानों के लिए रामबाण साबित होगा भारत विस्तार ऐप, कैस साबित होगा मददगार?
प्रमुख ट्रेनों का समय और रूट
सीएसएमटी और नागपुर के बीच हफ्ते में दो बार चलने वाली स्पेशल ट्रेन 22 फरवरी से 8 मार्च तक हर रविवार और मंगलवार को 12:20 AM बजे निकलेगी और दोपहर 3:10 PM बजे नागपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नागपुर से रात 8 बजे निकलेगी और अगले दिन मुंबई पहुंचेगी। रास्ते में यह दादर, थाने, कल्याण, नासिक रोड, मनमाड और भुसावल जैसे कई बड़े स्टेशनों पर रुकेगी।
मुंबई और गोरखपुर के बीच रोज चलने वाली स्पेशल ट्रेन 21 फरवरी से 8 मार्च तक रात 10:30 बजे चलेगी और तीसरे दिन सुबह 10:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी की ट्रेन गोरखपुर से दोपहर 2:30 बजे चलेगी। यह ट्रेन भोपाल, झांसी, कानपुर, लखनऊ और गोंडा जैसे स्टेशनों पर रुकेगी।
यह भी पढ़ें: आने वाली है गर्मी, पहली बार AC चलाने से पहले कर डालें ये काम, वरना होगा नुकसान
इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस से वाराणसी के लिए हर दो हफ्ते में एक स्पेशल ट्रेन 25-26 फरवरी और 4-5 मार्च को दोपहर 12:15 बजे चलेगी, जो तीसरे दिन सुबह 1:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी की ट्रेन वाराणसी से सुबह 6:35 बजे चलेगी। मुंबई और एलटीटी से सावंतवाड़ी रोड के लिए भी हफ्ते में एक बार स्पेशल सर्विस शुरू करने की घोषणा की गई है।
टिकट कैसे बुक करें?
यात्री इन ट्रेनों के लिए आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट, रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन सेंटर या मोबाइल ऐप रेलवन (RailOne) से टिकट बुक कर सकते हैं। इन ट्रेनों में एसी-2 टियर, एसी-3 टियर, स्लीपर और जनरल कोच हैं। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से त्योहार के दौरान ट्रेन स्टेशनों पर भीड़ से बचने के लिए पहले से ही कन्फर्म टिकट बुक करने की अपील की है।