गूगल मैप्स अब सिर्फ रास्ता बताने वाला ऐप नहीं रह गया है। अगर आप कहीं घूमने जा रहे हैं तो अब यह आपकी ट्रिप की प्लानिंग भी आसान बना देगा। गूगल ने मैप्स में नया एआई फीचरAsk Maps जोड़ना शुरू किया है। इसकी मदद से अब यूजर्स होटल ढूंढ सकते हैं, खाना ऑर्डर कर सकते हैं, घूमने की जगहें खोज सकते हैं और कई सवालों के जवाब हिंदी में भी पूछ सकते हैं।
अब तक लोगों को होटल ढूंढने, रेस्टोरेंट खोजने, टिकट बुक करने और रास्ता देखने के लिए अलग-अलग ऐप इस्तेमाल करने पड़ते थे लेकिन गूगल का कहना है कि नया Ask Maps फीचर इन सभी कामों को एक ही जगह आसान बनाने की कोशिश करेगा। यह फीचर एआई की मदद से आपकी जरूरत समझकर उसी हिसाब से सुझाव देगा। अच्छी बात यह है कि भारत में यूजर्स अब इस फीचर का इस्तेमाल हिंदी भाषा में भी कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: बारिश के मौसम में खराब न हो जाए बाइक और कार, देखभाल का सबसे आसान तरीका जानिए
अब खाना ढूंढना और ऑर्डर करना होगा आसान
अगर आप किसी नई जगह पर घूम रहे हैं और आपको किसी खास खाने का मन है तो अब गूगल मैप्स में सीधे पूछ सकते हैं। जैसे अगर आपको बटर चिकन, छोले भटूरे या साउथ इंडियन खाना खाना है तो Ask Maps आपके आसपास ऐसे रेस्टोरेंट खोजकर दिखाएगा जहां यह खाना मिलता हो। सिर्फ इतना ही नहीं यह नया फिचर आपको यह भी बताएगा कि कौन-सा रेस्टोरेंट इस समय खुला है। अगर आपने पहले गूगल मैप्स में अपनी पसंद या सेव किए हुए स्थान जोड़े हैं तो एआई उसी के हिसाब से सुझाव देगा। रेस्टोरेंट पसंद आने के बाद खाना सीधे अपने कार्ट में भी जोड़ सकते हैं और ऑर्डर की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
एआई से होटल और घूमने की जगह ढूंढना होगा आसान
अगर आप कहीं घूमने जा रहे हैं और अपने बजट के हिसाब से होटल ढूंढना चाहते हैं तो अब गूगल मैप्स में अपनी जरूरत सीधे लिख सकते हैं। जैसे अगर आपको परिवार के साथ रुकने के लिए बजट होटल चाहिए या किसी खास जगह के पास होटल चाहिए तो Ask Maps उसी हिसाब से होटल खोजकर दिखाएगा। यह होटल की कीमत, कमरे उपलब्ध हैं या नहीं और दूसरी जरूरी जानकारी भी बताएगा जिससे सही होटल चुनना आसान हो जाएगा।
होटल के अलावा अगर आपको समझ नहीं आ रहा कि आसपास कहां घूमने जाएं तो Ask Maps इसमें भी मदद करेगा। यह आपके आसपास होने वाले मेले, फेस्टिवल, कॉन्सर्ट और दूसरी घूमने लायक जगहों की जानकारी देगा। अगर किसी जगह के लिए टिकट की जरूरत होगी तो टिकट बुक करने का लिंक भी दिखा सकता है। इससे पूरी ट्रिप की प्लानिंग एक ही जगह पर करना आसान हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: RAC वाले यात्रियों को एक ही बिस्तर में नहीं चलाना पड़ेगा काम, रेलवे ने बदला नियम
भारत समेत 150 से ज्यादा देशों में मिलेगा नया फीचर
गूगल ने बताया है कि Ask Maps फीचर 150 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में शुरू किया जा रहा है जिसमें भारत भी शामिल है। यह फीचर धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। अगर आपके गूगल मैप्स में अभी यह अपडेट नहीं दिख रहा है तो ऐप को अपडेट रखें।
भारत के यूजर्स के लिए एक और बड़ी बात यह है कि अब गूगल मैप्स में हिंदी भाषा का भी सपोर्ट मिल गया है। यानी अब किसी जगह, होटल, रेस्टोरेंट या घूमने की जगह खोजने के लिए अंग्रेजी में लिखने की जरूरत नहीं होगी। आप अपनी बात सीधे हिंदी में लिख सकेंगे और गूगल मैप्स उसी के हिसाब से जवाब और सुझाव देगा।