बस के मुकाबले ट्रेन में ज्यादा सुकून मिलता है और प्लेन के मुकाबले यह खूब सस्ती भी पड़ती है। यही वजह है कि रोजाना सफर करने से लेकर लंबी दूरी तय करने तक, ट्रेन लोगों की पहली पसंद बनी रहती है। ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में यात्री अपनी जरूरत के हिसाब से सफर कर सकते हैं।
ट्रेन से सफर करते समय लोग अक्सर लोग कुछ छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं। इससे उनकी यात्रा में बेवजह की परेशानी बढ़ती है। अगर आप भी रोजाना ट्रेन से सफर करते हैं या फिर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले हैं तो इन 5 बातों का ध्यान रखकर अपने सफर को आसान बना सकते हैं।
यह भी पढ़ें: त्योहारों पर घर जाने की टेंशन खत्म! कटरा और जयनगर के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
1. अपने टिकट पहले से बुक करें
सूकून भरे सफर के लिए जरूरी है कि आप अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। अगर आपको पता है कि कब और कहां जाना है तो समय रहते ट्रेन की टिकट बुक कर सकते हैं। पहले से टिकट बुक करने पर आखिरी समय में टिकट न मिलने या वेटिंग टिकट की परेशानी से बचने में मदद मिलती है। ट्रेन का टिकट बुक करने के लिए आप IRCTC की वेबसाइट पर अपना अकाउंट बना सकते हैं।
2. सामान कम से कम रखें
सफर के दौरान हम अक्सर जरूरत से ज्यादा सामान पैक कर लेते हैं। दो से ज्यादा बैग होने पर प्लेटफॉर्म पर चलना मुश्किल हो जाता है। ट्रेन के अंदर भी सामान रखने और उसे व्यवस्थित करने में परेशानी होती है। फोन, चार्जर और दूसरी जरूरी चीजें अलग-अलग बैग में रखने से उन्हें ढूंढने में भी समय लगता है।
ऐसे में कोशिश करे कि सफर के दौरान अधिकतम दो बैग ही लेकर चलें। पहियों वाली ट्रॉली और पीठ पर टांगने वाला पिठ्ठू बैग आपके लिए सुविधाजनक हो सकता है। अगर सफर लंबा है तो फोन चार्ज करने के लिए चार्जर और पावर बैंक साथ रखना न भूलें।
यह भी पढ़ें: आदर्श नगर में भी रुकेंगी दिल्ली-कालका और दिल्ली-कालका पंजाब हिमाचल एक्सप्रेस
3. ट्रेन छूटने से आधे घंटे पहले पहुंचें
ट्रेन छूटने के समय से कम से कम आधे घंटे पहले स्टेशन पहुंचने की कोशिश करें। इससे आपको प्लेटफॉर्म, ट्रेन और अपनी बोगी का नंबर पता करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा। अगर आप आखिरी समय पर स्टेशन पहुंचते हैं, तो जल्दबाजी में सही प्लेटफॉर्म या बोगी ढूंढने में परेशानी हो सकती है। कई बार इसी चक्कर में ट्रेन छूटने का खतरा भी रहता है।
4. किताबें, फिल्में और शो डाउनलोड करके रखें
ट्रेन की खिड़की से बाहर की नैचुरल चीजें देखना, ट्रेन जर्नी को स्पेशल बनता है। लेकिन लंबी यात्रा के दौरान लगातार बैठे रहने से लोग बोर भी हो सकते हैं। इससे बचने के लिए सफर पर निकलने से पहले अपनी पसंदीदा किताबें पढ़ने के लिए साथ रख लें। फोन में अपनी पसंद की फिल्में और वेब शो डाउनलोड करके रख सकते हैं। इससे इंटरनेट न चलने पर भी आप अपने ऑफलाइन डाउनलोडेड वीडियोज को देख सकते हैं।
5. परेशानी होने पर शिकायत के नंबर याद रखें
कई बार हमारी सीट पर कोई अजनबी सोया होता है। बहुत हटाने पर भी वह सीट नहीं देता है। ट्रेन में आपको मनचले और शराबी भी मिल सकते हैं। ऐसे में आपको रेलवे की हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पहले से रखने से जरूरत पड़ने पर मदद मांगना आसान हो जाता है। अगर कोई ट्रेन में बदसूलकी करे या अन्य किसी भी तरह की समस्या हो तो ट्रेन कर्मियों को शिकायत दे सकते हैं। रेलवे ट्रेनिंग एंड ट्रैकिंग सिस्टम नंबर 139 पर कॉल करके शिकायत दे सकते हैं। चलती ट्रेन में अगर कोई बदसलूकी या छेड़खानी करे तो 182 नंबर पर कॉल करके रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को शिकायत दे सकते हैं।