आंध्र प्रदेश के तिरुपति में स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर देश के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में तिरुपति जाने से पहले लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि दर्शन के लिए कितना खर्च आएगा और क्या बिना पैसे दिए भी भगवान के दर्शन किए जा सकते हैं।
अच्छी बात यह है कि तिरुमला में दर्शन के लिए सिर्फ एक ही विकल्प नहीं है। श्रद्धालु अपनी सुविधा और समय के हिसाब से फ्री सर्व दर्शन, 300 रुपये वाला स्पेशल एंट्री दर्शन, दिव्य दर्शन और वीआईपी ब्रेक दर्शन में से विकल्प चुन सकते हैं। हालांकि हर दर्शन की अलग व्यवस्था और नियम हैं।
यह भी पढ़ें: 15 अगस्त पर प्रधानमंत्री के भाषण की परंपरा कब शुरू हुई? जानें इसकी पूरी कहानी
फ्री दर्शन कैसे करें?
अगर आप बिना शुल्क दिए भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करना चाहते हैं तो सर्व दर्शन का विकल्प चुन सकते हैं। इसमें श्रद्धालुओं को सामान्य कतार के जरिए दर्शन कराया जाता है और इसके लिए 300 रुपये का टिकट नहीं लेना पड़ता। इस दर्शन में सबसे बड़ी बात यह है कि आपको ज्यादा इंतजार करना पड़ सकता है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर कतार और इंतजार का समय भी बढ़ जाता है। इसलिए फ्री दर्शन का मतलब यह नहीं है कि दर्शन तुरंत हो जाएंगे। भीड़ के हिसाब से इंतजार कुछ घंटों से काफी ज्यादा भी हो सकता है।
300 रुपये वाला स्पेशल एंट्री दर्शन क्या है?
अगर आप सामान्य दर्शन की लंबी कतार से बचना चाहते हैं तो स्पेशल एंट्री दर्शन का विकल्प ले सकते हैं। इसका शुल्क 300 रुपये प्रति व्यक्ति है। इसमें श्रद्धालुओं को तय समय के हिसाब से दर्शन के लिए बुलाया जाता है। यानी टिकट बुक करते समय मिलने वाले स्लॉट के अनुसार, मंदिर पहुंचना होता है। यह विकल्प उन लोगों के लिए सुविधाजनक हो सकता है जो कम समय में दर्शन करना चाहते हैं।
300 रुपये वाले दर्शन की टिकट बुकिंग ऑनलाइन होती है और इसके लिए तय कोटा जारी किया जाता है। इसलिए यात्रा की तारीख तय होने के बाद टिकट उपलब्ध है या नहीं यह पहले देख लेना बेहतर है। 12 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए 300 रुपये वाला स्पेशल एंट्री दर्शन का अलग टिकट नहीं लगता। हालांकि बच्चे की उम्र की पुष्टि के लिए जरूरी पहचान पत्र साथ रखना बेहतर है।
यह भी पढ़ें: कोर्ट मैरिज कैसे करें? डॉक्यूमेंट्स, फीस और कानूनी समझिए
पैदल जाने वालों के लिए दिव्य दर्शन
जो श्रद्धालु अलिपिरी या श्रीवारी मेट्टू के पैदल रास्ते से तिरुमला पहुंचते हैं उनके लिए दिव्य दर्शन की सुविधा है। पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसके लिए दर्शन टोकन की व्यवस्था मिलती है। पैदल रास्ते में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, बैठने की जगह, शौचालय और मेडिकल सहायता जैसी सुविधाएं भी मौजूद रहती हैं।
वीआईपी ब्रेक दर्शन के लिए कितना खर्च?
तिरुमला में वीआईपी ब्रेक दर्शन की अलग व्यवस्था है। श्रीवानी ट्रस्ट के जरिए वीआईपी ब्रेक दर्शन लेने के लिए श्रद्धालु को 10,000 रुपये का योगदान करना होता है। इसके साथ 500 रुपये का दर्शन टिकट अलग से होता है। इस तरह कुल रकम 10,500 होती है। यहां यह समझना जरूरी है कि 10,000 रुपये दर्शन की फीस नहीं है बल्कि श्रीवानी ट्रस्ट में दिया जाने वाला योगदान है और 500 रुपये दर्शन टिकट का शुल्क है। वीआईपी ब्रेक दर्शन की सुविधा उपलब्धता और तय कोटे के आधार पर मिलती है।
वीआईपी दर्शन को लेकर कई जगह दावा किया जाता है कि इसमें करीब एक घंटे में दर्शन हो जाता है लेकिन दर्शन का समय हर दिन एक जैसा नहीं होता। मंदिर में भीड़, दर्शन व्यवस्था और उस दिन की स्थिति के आधार पर समय कम या ज्यादा हो सकता है। इसलिए किसी एजेंट के इस दावे पर भरोसा नहीं करना चाहिए कि वह पक्का एक घंटे में वीआईपी दर्शन करा देगा।