उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में हुए एक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। बकरियों से भरा एक ट्रक हाईवे पर पलट गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए और दर्जनों बकरियों की मौत हो गई। हादसे के बाद जो नजारा सामने आया, उसने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए। घायल लोगों की मदद करने के बजाय कई लोग बकरियों को उठाकर ले जाते नजर आए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे कोखराज थाना क्षेत्र के अंदावा टेढ़ी मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक कानपुर से प्रयागराज जा रहा था और उसमें 200 से ज्यादा बकरियां भरी थीं। अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक में सवार लोग अंदर फंस गए और कई बकरियां सड़क पर बिखर गईं।
यह भी पढ़ें: छुट्टी मनाने गए थे, ट्रैफिक में फंस गए, हिमाचल में सुकून की तलाश में आई 'आफत'
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
ट्रक पलटने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सड़क पर बकरियां तड़प रही थीं और घायल लोग मदद के इंतजार में थे। कई बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद सामने आए वीडियो ने सभी को हैरान कर दिया। वीडियो में कुछ लोग घायल लोगों की मदद करने के बजाय बकरियों को कंधे पर रखकर ले जाते दिखाई दिए। कोई मृत बकरियों को उठा रहा था तो कोई घायल बकरियों को लेकर भागता नजर आया। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: नॉनवेज खाने जा रहा था ब्लॉगर, रास्ते में दिखाया शिव मंदिर, बवाल हो गया
पुलिस और प्रशासन ने संभाला हालात
सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस और शाहजादपुर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। साथ ही बची हुई बकरियों को सुरक्षित निकालने का काम भी किया गया।