कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां एक शख्स ने सड़कों के गड्ढे की ओर ध्यान खींचने के लिए अनोखा और महंगा तरीका अपनाया। इस व्यक्ति ने सड़क के गड्ढे भरने के लिए अपनी पोर्शे कार का इस्तेमाल किया, जिसके बोनट पर सीमेंट का घोल बनाया और फिर उससे सड़क के गड्ढे भरे। इस वीडियो को देखकर लोग हैरान हो रहे हैं क्योंकि वीडियो के अंत में दिखाया गया कि सीमेंट का पेस्ट बनाने के बाद भी कार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स अखिल यादव हैं, जो इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उन्होंने अपने वीडियो में एक तरफ बेंगलुरु की खराब सड़कों के दृश्य दिखाए, वहीं दूसरी तरफ पेंट प्रोटेक्शन फिल्म की ट्रांसपेरेंट परत को भी दिखाया। जानकारी के लिए बता दें कि पेंट प्रोटेक्शन फिल्म एक ट्रांसपेरेंट परत होती है, जिसे अक्सर कार की सतह पर लगाया जाता है, ताकि कार के कलर को कोई नुकसान न पहुंचे।
यह भी पढ़ें: 'DM साहब, जिंदा हूं मैं...', कागजों में मुर्दा बताया तो कफन ओढ़कर लेट गया शख्स
वायरल वीडियो में क्या है?
इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि अखिल यादव अपनी कार के बोनट पर सीमेंट का घोल बना रहे हैं। इसमें वह पहले सूखी सीमेंट में पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करते हैं, उसके बाद उसी सीमेंट को करनी की सहायता से सड़क के गड्ढे भरते हैं। इस वीडियो में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब अखिल सीमेंट से लथपथ कार की ट्रांसपेरेंट पन्नी को हटाते हैं। तब इस पन्नी की वजह से कार का रंग खराब नहीं होता।
इस वीडियो के कैप्शन में अखिल ने लिखा है, 'अपने आस-पास के वातावरण को साफ रखना हमारी जिम्मेदारी है। हम ज्यादा पॉपुलेशन वाले देश में रहते हैं, इस वजह से सरकार अकेले देश को संभाल नहीं सकती।' इसके अलावा अखिल ने यह भी लिखा है,' यह वीडियो सिर्फ पेंट प्रोटेक्शन फिल्म की ताकत दिखाने के लिए नहीं है।'
यह भी पढ़ें: BJP विधायक पर कर दी घूंसों की बरसात, कौन हैं बाबा सीताराम?
लोगों की क्या है प्रतिक्रिया?
इस वीडियो को देखने के बाद लोगों की अलग-अलग राय सामने आई है। जहां एक तरफ कुछ लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या दिखाने के लिए यह रोचक तरीका था लेकिन यह करना जरूरी नहीं था। वहीं दूसरे व्यक्ति ने कहा कि व्यस्त सड़कों पर रुककर सड़क के गड्ढे भरना संभव नहीं है।