logo

ट्रेंडिंग:

'प्रियंका गांधी ने मेरे पति से मुझे गाली देने को कहा', अदिति सिंह का Video वायरल

बीजेपी विधायक अदिति सिंह का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने प्रियंका गांधी पर बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि प्रियंका गांधी ने उनके पति को उन्हें गाली देने को कहा था।

aditi singh

अदिति सिंह। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से बीजेपी विधायक अदिति सिंह का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो न्यूज एजेंसी ANI को दिए पॉडकास्ट इंटरव्यू का है, जो उन्होंने मार्च 2024 में दिया था। हालांकि, अब यह वीडियो एक बार फिर वायरल हो रहा है, क्योंकि महिला सुरक्षा को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में घमासान शुरू हो गया है। उस इंटरव्यू में अदिति सिंह ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके पति को उन्हें गाली देने को कहा था।

 

यह वीडियो 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले का है। अदिति सिंह बीजेपी की विधायक हैं, जबकि उनके पूर्व पति अंगद सिंह कांग्रेस के नेता हैं। अदिति सिंह ने ANI को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाते हुए कहा था कि प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके पति को कांग्रेस से टिकट पाने के लिए कैंपेन के दौरान उन्हें गाली देने और चरित्र पर सवाल उठाने के लिए कहा था।

 

अब अदिति सिंह का यह वीडियो वायरल किया जा रहा है और सवाल उठाया जा रहा है कि कांग्रेस की एक महिला नेता की सोच कैसी है। उन्नाव रेप केस के दोषी पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के मामले में कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा था, जिसके बाद अदिति सिंह के इस वीडियो के जरिए कांग्रेस को घेरा जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें-- सजा निलंबित, कुछ शर्तें भी लगाईं; कुलदीप सिंह सेंगर को HC से क्यों मिली राहत?

अदिति सिंह ने क्या आरोप लगाए थे?

जब उनसे पूछा गया कि आपके पति कांग्रेस में हैं और आप बीजेपी में, लड़ते नहीं हो आप? इसका जवाब देते हुए अदिति सिंह ने कहा, 'दुर्भाग्य से हमारा तलाक हो गया है।'

 

उन्होंने कहा, 'मैंने बीजेपी जॉइन करने का फैसला लिया था। और युवा विधायक होने के नाते में मैं देश की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती थी। इसलिए मैंने बहुत पहले फैसला कर लिया था कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काम करना चाहती हूं।'

 

 

उन्होंने कहा, 'जब मैंने बीजेपी जॉइन करने का फैसला किया, उस समय मेरे पति ने बहुत सपोर्ट किया। लेकिन टिकट बंटवारे के बाद चीजें बिगड़ने लगीं। प्रियंका गांधी ने मेरे एक्स हसबैंड से कहा कि वह मेरे बारे में उल्टी-सीधी और गंदी बातें कहें। मेरे चरित्र पर सवाल उठाएं। तब मैं आपको टिकट दूंगी। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो मैं आपको टिकट नहीं दूंगी।'

 

अदिति सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी ज्यादातर पारिवारिक दिक्कतें भी कांग्रेस की वजह से ही थीं। उन्होंने कहा कि मेरे पति ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया था, इसलिए उनकी टिकट काट दी गई।

 

यह भी पढ़ें-- ब्रिटेन में बैठकर रच रहा था साजिश, अब आजमगढ़ के मौलाना के खिलाफ ED करेगी जांच

कौन हैं अदिति सिंह?

अदिति सिंह रायबरेली से बीजेपी विधायक हैं। उन्होंने 2017 में पहली बार यहां से चुनाव जीता था। वह सबसे युवा विधायकों में थीं। 2022 का चुनाव भी उन्हें बड़े अंतर से जीता।

 

उन्होंने अपना राजनीतिक करियर कांग्रेस से शुरू किया था। 2017 का चुनाव भी उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर ही लड़ा और जीता था। हालांकि, बाद में आर्टिकल 370 को लेकर उन्होंने पार्टी लाइन से हटकर राय रखी। 2021 में वह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आ गईं। 2022 में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर रायबरेली से चुनाव लड़ा और 7 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

 

अदिति सिंह राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता अखिलेश कुमार सिंह रायबरेली से 5 बार के विधायक थे। उनके पिता को 2007 में कांग्रेस से निकाल दिया था। इसके बाद 2007 का चुनाव उन्होंने निर्दलीय जीता। अगस्त 2019 में अखिलेश कुमार सिंह का निधन हो गया था।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap