पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक 28 साल के युवक पवन कुमार ने गलती से अपने सीने में गोली मार ली। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जब यह हादसा हुआ, तब उसका चचेरा भाई हिमांशु मोबाइल से उसका वीडियो बना रहा था। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
पवन कुमार और उसका भाई हिमांशु दोनों प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। मंगलवार (17 मार्च) की सुबह पवन अपने हाथ में एक भरी हुई पिस्टल लेकर खड़ा था और हिमांशु उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। पुलिस के अनुसार, 19 सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि पवन मुस्कुराते हुए पिस्टल लोड करता है और उसकी नली अपने सीने के बाई ओर रख लेता है। इसी दौरान अचानक गोली चल जाती है और पवन तुरंत जमीन पर गिर पड़ता है।
यह भी पढ़ें: वर्दी वाला निकला धोखेबाज, शादी से मुकरा सिपाही तो महिला ने लगाई फांसी
धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया
हादसे के तुरंत बाद पवन को बेहोशी की हालत में वसुंधरा एन्क्लेव के धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। न्यू अशोक नगर पुलिस को अस्पताल से इस घटना की जानकारी मिली। शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस पिस्टल से गोली चली, वह हिमांशु के नाम पर रजिस्टर्ड थी और उसने हाल ही में इसका लाइसेंस बनवाया था। पुलिस ने मौके से वह लाइसेंसी पिस्टल और 10 बंदूक की गोली बरामद कर लिए हैं।
सबूतों को किया जब्त
पुलिस ने हिमांशु का वह मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है जिसमें इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड हुआ था। फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम ने उस जगह का मुआयना किया है जहां यह हादसा हुआ। पवन के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एलबीएस अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस हर पहलू से इस बात की जांच कर रही है कि यह सिर्फ एक लापरवाही भरा हादसा था या इसके पीछे कोई और गहरी वजह थी।
यह भी पढ़ें: CM नीतीश की सुरक्षा में चूक, हेलीपैड पर घुसा सांड, लोगों ने भागकर बचाई जान
दर्ज हुआ केस
वीडियो फुटेज और शुरुआती सबूतों के आधार पर पुलिस ने अशोक नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। हिमांशु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 105 और आर्म्स ऐक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही से हथियार का इस्तेमाल करना इस जानलेवा हादसे की मुख्य वजह बनी।