उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सरेआम कुछ लोग गुंडागर्दी करते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो में कुछ लोगों की भीड़ एक शख्स और उनके पिता को पीटती नजर आ रही है। यह झगड़ा सिर्फ इस वजह से शुरू हुआ क्योंकि पीड़ित शख्स ने लोगों को शराब न पीने की सलाह दी थी। इसके बाद आरोपियों के पूरे ग्रुप ने पीड़ित और उनके बुजुर्ग पिता पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित शख्स भारतीय वायुसेना का जवान है, जिसका नाम प्रताप सिंह है। उनके पिता जितेंद्र सिंह हैं, जो पेशे से स्कूल के प्रिंसिपल हैं। कथित तौर पर उन्होंने बारात ले जा रहे लोगों से रास्ता मांगा ताकि वे आगे जा सकें। साथ ही शराब के नशे में धुत बारातियों के व्यवहार पर आपत्ति जताई। इसके बाद वायुसेना के जवान और बारातियों के बीच कहासुनी हुई, जिसने हिंसक रूप ले लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने झगड़ा शांत कराया और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: 'मेरा पति कस्टम अफसर का बेटा है', दिल्ली में पड़ोसियों का झगड़ा हुआ वायरल
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक भीड़-भाड़ वाली सड़क पर कुछ लोग लड़ रहे हैं। वीडियो में कुछ युवक एक शख्स को पीटते दिखाई दे रहे हैं। सड़क के आसपास ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। कई लोग अपनी गाड़ियों के हॉर्न बजा रहे हैं। कई लोग सड़क पर खड़े होकर तमाशा देख रहे हैं, लेकिन कोई भी व्यक्ति पीड़ित को बचाने की कोशिश नहीं कर रहा है। इस मारपीट की वजह से पीड़ित व्यक्ति को काफी चोटें आई हैं। वीडियो बनाने वाला शख्स भी कह रहा है कि उसके सिर पर काफी चोट लग गई है।
पीड़ित का आरोप
प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता के साथ घर लौट रहे थे। जब वे एक सड़क पर पहुंचे तो वहां एक बारात जा रही थी, जिसमें कुछ लोग शराब के नशे में धुत थे। वे सड़क पर हंगामा कर रहे थे, जिसकी वजह से ट्रैफिक जाम हो गया था।
यह भी पढ़ें: उम्र 5 साल, गिफ्ट में मिल गया डिफेंडर, बेटे को हार्दिक पांड्या ने दिया गिफ्ट
इसके बाद प्रताप के पिता ने अपनी गाड़ी का हॉर्न बजाया, जिससे बाराती गुस्सा हो गए और बहस करने लगे। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने पिता और बेटे को लाठी से पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।