logo

मूड

ट्रेंडिंग:

मेट्रो की लिफ्ट में बुजुर्ग ने लड़कियों के सामने किया पेशाब, DMRC का एक्शन

दिल्ली मेट्रो की लिफ्ट में लड़कियों के सामने एक बुजुर्ग व्यक्ति के पेशाब करने का वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद मेट्रो प्रशासन और पुलिस ने बुजुर्ग पर जुर्माना लगाकर कार्रवाई की है।

AI Generated Image

प्रतीकात्मक तस्वीर, AI Generated Image

दिल्ली के कालकाजी मेट्रो स्टेशन पर एक बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा लिफ्ट के अंदर पेशाब करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) को भी इस पर जवाब देना पड़ा। दिल्ली मेट्रो ने इस मामले में एक्शन भी लिया है। 

 

यह घटना तब सामने आई जब दीपशिखा मेहता नाम की एक महिला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करके मेट्रो का अपना अनुभव बताया। उन्होंने जो वीडियो शेयर की है, उस वीडियो को 20 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। दीपशिखा ने वीडियो के साथ लिखा कि सोचिए आप मेट्रो की लिफ्ट में जाते हैं और देखते हैं कि दो लड़कियों के सामने एक आदमी आराम से अंदर पेशाब कर रहा है। यह कालकाजी मेट्रो स्टेशन पर हुआ जो बहुत ही गंदा, शर्मनाक और गलत है। उन्होंने यह भी लिखा कि सार्वजनिक जगहें कोई शौचालय नहीं हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'हवा आई, रस्सी पकड़ी थी, उसी के साथ चला गया', हवा में उड़ गए शख्स ने बताई आपबीती

तुम करलो जो करना है

वीडियो में दिख रहा है कि इस घटना के बाद दीपशिखा ने प्लेटफॉर्म पर उस बुजुर्ग शख्स को रोका और उनसे सवाल-जवाब किए। जब दीपशिखा ने उनसे पूछा कि ऐसा क्यों किया तो उस आदमी ने लापरवाही से जवाब दिया- 'तुम करलो जो करना है'। इसके बाद जब दीपशिखा ने दोबारा पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि उन्होंने कुछ गलत किया है तो बुजुर्ग ने कहा कि हां तो गलती करी तो सॉरी।

 

 

वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने उसी पोस्ट के कमेंट सेक्शन में आकर पूरी बात साफ की। पुलिस के मुताबिक यह घटना 15 मई 2026 को रात के करीब 9:40 बजे हुई थी। वीडियो में दिख रहा बुजुर्ग शख्स उस समय जामिया मेट्रो स्टेशन से फरीदाबाद मेट्रो स्टेशन की तरफ जा रहा था। पुलिस ने बताया कि जब वह कालकाजी मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन बदलने के लिए रुका तो अचानक उन्हें एक मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा। बुजुर्ग ने आसपास शौचालय ढूंढने की कोशिश की थी लेकिन उन्हें कोई टॉयलेट नहीं मिला। जब स्थिति उनके कंट्रोल से बाहर हो गई तो उन्होंने लिफ्ट के अंदर ही एक बोतल में पेशाब करना शुरू कर दिया।

DMRC ने लगाया जुर्माना

लिफ्ट में मौजूद दूसरे लोगों ने इस बात पर ऐतराज जताया और तुरंत इसकी शिकायत CISF और DMRC के स्टाफ से की। लोगों की शिकायत पर मेट्रो अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लिया। बुजुर्ग शख्स को दिल्ली मेट्रो के नियमों के तहत न्यूसेंस यानी गंदगी फैलाने का दोषी माना गया और डीएमआरसी एक्ट की धारा 59 के तहत उन पर जुर्माना लगाया गया। दिल्ली मेट्रो ने इस पर बयान जारी करके कहा कि इस मामले में जरूरी कार्रवाई कर दी गई है और हम सभी लोगों से अपील करते हैं कि वे मेट्रो परिसर को साफ रखने में हमारा सहयोग करें।

 

इंटरनेट पर बहुत से लोगों ने इस हरकत की निंदा की। उनका कहना था कि लिफ्ट जैसी बंद जगह में जहां महिलाएं भी खड़ी थीं वहां ऐसी हरकत करना पूरी तरह गलत और असुरक्षित है। लोगों ने मेट्रो में सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठाए। 

 

दूसरी तरफ कुछ लोगों ने बुजुर्ग शख्स की उम्र और उनकी मेडिकल स्थिति का पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि बड़े स्टेशनों पर आसानी से दिखने वाले टॉयलेट न होना एक बड़ी समस्या है। यात्रियों का कहना है कि स्टेशनों पर टॉयलेट होते हैं लेकिन ट्रेन बदलते समय उन्हें ढूंढना बहुत मुश्किल होता है या फिर देर रात वे बंद मिलते हैं।

 

यह भी पढ़ें: 2 बच्चों के बाप 'दरोगा बाबू' ने छिपाई पहली शादी, दूसरी भी की, अब ढूंढेंगे नौकरी

दीपशिखा का दूसरा वीडियो

मामला बढ़ने के बाद दीपशिखा ने एक और वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा कि वह बुजुर्ग की मजबूरी और बीमारी को समझती हैं लेकिन यह बात किसी भी तरह से सार्वजनिक जगह पर महिलाओं के सामने ऐसी हरकत को सही नहीं ठहरा सकती। दीपशिखा ने कहा कि उन्होंने यह वीडियो सिर्फ अपने साथ हुई बात को बताने के लिए नहीं बल्कि लोगों को जागरूक करने के लिए डाला था। 

 

उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि जिन बुजुर्गो को ऐसी बीमारी या समस्या है उन्हें एडल्ट डायपर्स का इस्तेमाल करना चाहिए। उनका मकसद बस इतना था कि मेट्रो जैसी जगहों में सफर करते समय कोई भी व्यक्ति असहज या असुरक्षित महसूस न करे।


और पढ़ें