उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने एक मर्डर का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और सास को जेल भेज दिया है। यह मामला पिछले साल नवंबर 2025 का है जब यतेंद्र नाम के व्यक्ति की संदिग्ध हालत में मौत हुई थी। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट से पता चला है कि यतेंद्र को जहर दिया गया था। जांच में सामने आया कि ससुर ने जन्मदिन की पार्टी में शराब के अंदर सल्फास मिलाकर यतेंद्र को पिला दिया था। पुलिस ने पत्नी और सास को पकड़ लिया है लेकिन आरोपी ससुर अभी फरार है।
यतेंद्र अपने ससुराल में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। वहां पार्टी के दौरान यतेंद्र की तबीयत अचानक खराब हो गई और उसकी मौत हो गई। उस समय मौत की वजह साफ नहीं हो पाई थी इसलिए शरीर के अंदरूनी अंगों के सैंपल यानी विसरा को जांच के लिए भेजा गया था।
यह भी पढ़ें: दूल्हे और बारातियों ने लड़कीवालों को क्यों पीट दिया? इटावा से आया अजीब मामला
रिपोर्ट से खुला जहर का राज
जब पोस्टमार्टम में मौत की वजह पता नहीं चलती तो शरीर के जरूरी अंगों जैसे लीवर और किडनी के छोटे हिस्से सुरक्षित रख लिए जाते हैं जिसे विसरा कहते हैं। जब रिपोर्ट आई तो उसमें साफ हुआ कि यतेंद्र के शरीर में जहर पाया गया था। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने जब बारीकी से जांच की तो हत्या की पूरी जानकारी सामने आ गई।
पुलिस जांच में पता चला कि यतेंद्र के ससुर ने उसे मारने की साजिश रची थी। उसने पार्टी के दौरान शराब की बोतल में सल्फास का जहर मिला दिया था। ससुर ने वही जहरीली शराब यतेंद्र को पीने के लिए दी जिसे पीते ही उसकी जान चली गई।
यह भी पढ़ें: मनु भाकर से वैभव सूर्यवंशी पर सवाल पूछा तो क्यों हो रहा हंगामा?
पत्नी और सास हुई गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए यतेंद्र की पत्नी और उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया है। इन दिनों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अब फरार ससुर की तलाश कर रही है और उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।