उत्तर प्रदेश के वाराणसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां कुछ लड़कियां डोसा की दुकान पर हंगामा करती नजर आ रही हैं। लड़कियों ने दुकान में घुसकर बर्नर फेंका और डोसा का तवा पलट दिया। साथ ही दुकान के कर्मचारियों पर पानी फेंका। इसके अलावा दुकान के मालिक ने आरोप लगाया है कि लड़कियों ने न सिर्फ दुकान में तोड़फोड़ किया, बल्कि दुकान के कर्मचारियों को गाली दी और जान से मारने की धमकी भी दी थी। दुकान के मालिक ने आरोपी लड़कियों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह मामला भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर का है, जहां लीलाराम फूड कॉर्नर में बाल मुकुंद पांडेय की दुकान पर लड़कियों ने हंगामा किया। मुकुंद पांडेय ने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर को रात 8 बजे आरोपी दो लड़कियां काले रंग की स्कूटी से आई थीं, जिन्होंने दुकान में तोड़फोड़ और हंगामा किया, जिस वजह से दुकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें: 'बताओ जी, हैप्पी दीवाली', रिश्वत मांगने वाला होमगार्ड हो गया गिरफ्तार
लड़कियों ने क्यों किया हंगामा?
जब दो लड़कियां दुकान में हंगामा कर रही थीं, तो उन्होंने दावा किया कि दुकान के कर्मचारियों ने उनके पिता को मारा था। उन्होंने कहा, 'मेरे बाप को मारा है। एक आदमी को 25 लोगों ने मिलकर मारा है। इन लोगों को जेल में क्यों नहीं डाला गया?' इसके बाद लड़कियां दुकान के सामान को फेंकने लगीं। एक लड़की ने डोसा का बैटर फेंका और कुकिंग ऑयल जैसी कई चीजें दुकान के बाहर फैला दीं। इस पर आसपास के लोगों ने विरोध किया।
लड़कियों के आरोपों को लेकर दुकान के मालिक का कहना है कि 4 नवंबर को लड़कियों के पिता शराब के नशे में दुकान आए थे। उन्होंने दुकान में कथित तौर पर गाली-गलौज और हाथापाई की थी, जिसके बाद पुलिस को बुलाकर उन्हें पुलिस के हवाले किया गया था।
यह भी पढ़ें: 'कृष्ण भगवान टेढ़े', धीरेन्द्र शास्त्री के बयान पर मचा हंगामा
पुलिस की जांच-पड़ताल
दुकानदार ने आरोपी लड़कियों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत की है। उन्होंने पुलिस के सामने दावा किया कि लड़कियों ने न सिर्फ दुकान के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की थी। साथ ही सामान फेंककर आसपास के लोगों और दुकान के कर्मचारियों को चोट पहुंचाई। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।