उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में वैलेंटाइन-डे को लेकर अभी से माहौल गर्मा गया है। क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं ने 14 फरवरी से पहले ही 'लट्ठ पूजन' का आयोजन किया। संगठन का साफ कहना है कि वे शहर की संस्कृति को खराब नहीं होने देंगे। इसके लिए उन्होंने पूरी तैयारी कर ली है। लाठियों की पूजा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
संगठन ने होटल और रेस्टोरेंट मालिकों को कड़ी चेतावनी जारी की है कि वे अपने यहां कपल्स को जगह न दें। कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर कोई कपल आपत्तिजनक स्थिति में या सार्वजनिक स्थानों पर घूमता हुआ पाया गया, तो वे उन्हें सबक सिखाएंगे। उन्होंने यहां तक कह दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को गंजा तक किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: 'बस 12 महीने और, कई नौकरियों को निगल जाएगा AI,' माइक्रोसॉफ्ट के AI चीफ का दावा
क्या है पूरा मामला?
क्रांति सेना हर साल की तरह इस बार भी वैलेंटाइन-डे का पुरजोर विरोध कर रही है। उनके कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह पश्चिमी सभ्यता का हिस्सा है जो भारतीय संस्कारों के खिलाफ है। इसी विरोध को जताने के लिए उन्होंने बाकायदा लाठियों की पूजा की। इसका वीडियो बना कर पोस्ट कर दिया। अब इसका फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
संगठन ने क्या कहा?
संगठन ने साफ कर दिया है कि वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी को वह सार्वजनिक पार्कों और रेस्टोरेंट पर नजर रखेंगे। होटल मालिकों को हिदायत दी गई है कि वे किसी भी तरह की अश्लीलता को बढ़ावा न दें, नहीं तो इसका अंजाम होटल मालिकों को भी भुगतना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: फेक 'हाफ एनकाउंटर' करती है UP पुलिस? Video से मिली दावे को हवा
कार्यकर्ताओं ने 'जहां मिलेंगे बंटी-बबली, तोड़ देंगे हड्डी-पसली' जैसे नारों के साथ अपना कड़ा रुख जाहिर किया है। स्थानीय प्रशासन भी इन चेतावनियों को देखते हुए सतर्क है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह की मारपीट या हुड़दंग न हो।