मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पुलिस कुछ लोगों पर लाठियां बरसाती हुई दिखाई दे रही है। कुछ बिना वर्दी में लोग भी हैं जो लाठियां चला रहे हैं। यह वीडियो कटनी जिले के कुठला थाना क्षएत्र का बताया जा रहा है। यहां एक शादी में डीजे को लेकर विवाद शुरू हो गया था और इसके बाद पुलिस और बारातियों में झड़प हो गई। बवाल इतना ज्यादा बढ़ गया की बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। इस पूरे मामले पर बवाल बढ़ने के बाद अब दो ASI पर पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है।
कुठला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में यह बारात देर रात निकाली जा रही थी। मैहर जिले के अमदरा से बारात आई थी और बारात में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। कुछ लोग शराब के नशे में भी थे। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि बारात और डीजे के बीच विवाद हुआ। इस बीच स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने डीजे बंद करवाने की कोशिश की और इस पर बवाल हो गया।
यह भी पढ़ें: न अशोक चौधरी, न लेसी सिंह, श्रवण कुमार ही क्यों बने विधायक दल के नेता? वजह जानिए
मारपीट और फिर लाठीचार्ज
बारातियों ने पुलिस का विरोध करना शुरू कर दिया। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया लेकिन इससे हालात और ज्यादा बिगड़ गए। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने कथित तौर पर शादी वाले घर में घुसकर लाठीचार्ज किया जिसमें बाराती, महिलाएं और बच्चे तक घायल हो गए।
वीडियो वायरल
बारातियों ने इस घटना की वीडियो भी बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पुलिस वाले बुरी तरह से लोगों पर लाठियां बरसा रहे हैं। एक युवक इस दौरान नीचे गिर गया और उस पर पुलिस वाले लगातार लाठियां बरसाते रहे। एक वीडियो में युवक लगातार कह रहा है कि पुलिस वाले बिना किसी मतलब के लाठीचार्ज कर रहे हैं। वीडियो में कुछ बिना वर्दी के भी लोग दिखाई दे रहे हैं जो लाठीचार्ज कर रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह लोग डीजे वाले थे।
यह भी पढ़ें: 26 लाशें, ऑपरेशन सिंदूर और महादेव, पहलगाम का जख्म याद है?
पुलिस पर आरोप
इस घटना के बाद बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई। बवाल के कारण शादी का कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में उपद्रव और मारपीट का मामला दर्ज किया है। वहीं, वर और वधु दोनों पक्षों ने लिखित में शिकायत दर्ज करवा दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया है। पुलिस प्रशासन ने भी इस मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई सौरभ सोनी और सिद्धार्थ राय को लाइन हाजिर कर दिया है।