महाराष्ट्र के पुणे से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि तीन नाबालिग आरोपियों को पुलिस की गाड़ी के बोनट पर बांधकर ले जाया जा रहा है। इसी दौरान एक महिला आरोपियों के पास पहुंचती है और उनमें से एक को चप्पल से मारने लगती है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत महिला को हटाते हैं और आरोपियों को आगे ले जाते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मामला पुणे के कटराज इलाके का है। पुलिस के अनुसार 17 साल के गणेश मालवे की पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि सात नाबालिगों ने धारदार हथियारों से उस पर हमला किया था और इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। गंभीर रूप से घायल गणेश मालवे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।
यह भी पढ़ें: असम में बाढ़ का संकट, 24 घंटों में 21 लोगों की मौत, 5.64 लाख लोग बाढ़ से परेशान
गाड़ी के बोनट पर बांधकर परेड
वायरल वीडियो में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच तीन नाबालिग आरोपियों को पुलिस की गाड़ी के आगे रस्सी से बांधकर ले जाते हुए देखा जा सकता है। पुलिस सड़क पर नाबालिग आरोपियों को लेकर जा रही है। हालांकि, इस दौरान आरोपियों ने अपनी शर्ट के साथ चेहरा ढक लिया था। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक महिला अचानक आगे आती है और आरोपियों में से एक पर चप्पल से हमला कर देती है। पुलिसकर्मी तुरंत बीच-बचाव करते हैं और महिला को वहां से हटा देते हैं। यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
कौन थी महिला?
अभी तक पुलिस ने इस बारे में जानकारी नहीं दी है कि वह महिला कौन थी। आरोपियों पर चप्पल से हमला करने के बाद उस महिला को पुलिस ने किनारे कर दिया। हालांकि, इस दौरान वह रोते हुए दिखाई दी और आरोपियों को कुछ कहते हुए दिखाई दी। सोशल मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह महिला मृतक गणेश मालवे की परिजन हो सकती है।
गाड़ी के बोनट पर बांधकर क्यों ले जाया गया?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस ने आरोपियों को गाड़ी के बोनट पर बांधकर रखा है और गाड़ी के साथ कई पुलिस वाले मार्च कर रहे हैं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि आरोपियों को वाहन के बोनट पर बांधकर ले जाने का फैसला किन परिस्थितियों में लिया गया। हालांकि, पुलिस के इस व्यवहार पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ट्रांसफर के नाम पर मांगी थी 25 लाख की रिश्वत, STF ने ट्रेन में घुसकर पकड़ा
जांच जारी
अभी तक पुणे पुलिस ने इस मामले में कोई सफाई पेश नहीं की है। फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। सभी आरोपी नाबालिग बताए गए हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।