भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर नई मुश्किलों में फंस गई हैं। यूपी पुलिस उनके खिलाफ एक केस के सिलसिले में कई बार नोटिस दिया था। नेहा सिंह पुलिस के सामने पेश नहीं हो पाईं थीं। आखिरी नोटिस पर उन्हें पुलिस के सामने पेश होना पड़ा। शनिवार देर शाम नेहा सिंह राठौर, अपने पति हिमांशु सिंह राठौर के साथ लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन पहुंचीं।
नेहा सिंह राठौर ने बीते साल अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अपने सोशल मीडिया पर सरकार को घेरते हुए कथित तौर पर पोस्ट किया था। जिस मामले में उन्हें नोटिस मिला, उसमें कहा गया है कि उन्होंने देश विरोधी बातें की हैं। उन्होंने इसे लेकर बातचीत की है।
नेहा सिंह राठौर ने कहा, 'मेरा बयान इसलिए नहीं लिया गया क्योंकि सूरज डूब चुका था। पुलिस ने कहा कि किसी महिला का बयान दिन में ही लिया जाता है। मैं जांच में पूरा सहयोग करने आई हूं। पहला नोटिस 14-15 दिन पहले आया था, तब मैं बीमार थी। मैंने पत्र लिखकर बताया कि फोन या वीडियो कॉल से संपर्क करें। आज दूसरा नोटिस मिला, जिसमें तीन दिन में पेश होने को कहा गया था। नोटिस देखते ही मैं यहां आ गई।'
यह भी पढ़ें: डेल्सी रोड्रिग्ज को भी गिरफ्तार करेंगे ट्रंप? वेनेजुएला की संभालेंगी कमान
नेहा सिंह के पति ने क्या कहा?
नेहा सिंह राठौर के पति, हिमांशु सिंह राठौर ने कहा, 'नहीं, उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। हम यहां अपनी मर्जी से आए हैं। हमें आज दूसरा नोटिस मिला। जब पहला नोटिस जारी हुआ था, तब उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए जब हमें आज नोटिस मिला तो हम तुरंत यहां आ गए क्योंकि अब उनकी तबीयत बेहतर है। हम अभी यहां SHO का इंतज़ार कर रहे हैं, जो जांच अधिकारी हैं, हम जांच में पूरा सहयोग करेंगे।'

क्या गिरफ्तार हुईं थीं नेहा सिंह राठौर?
पुलिस ने कहा है कि नेहा का बयान लिया गया है, वह घर लौट गईं हैं। पहले दावा किया जा रहा था कि उन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस और नेहा दोनों ने इसे खारिज किया है।
किस मामले में आया है नेहा सिंह राठौर का नाम?
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। बैसरन घाटी में 26 लोगों को आतंकियों ने मार दिया था। हमले के बाद नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट लिखे। उन्होंने सरकार से सवाल पूछा, हमले को खुफिया और सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी बताई। उन्होंने सरकार पर राजनीतिक फायदा लेने का आरोप लगाया है।
नेहा सिंह राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी आलोचना की। नेहा सिंह पर आरोप लगे कि उनके बयान नफरत फैला रहे हैं, देश की एकता के लिए यह खतरा है। पाकिस्तानी मीडिया, उनके बयानों का भारत के खिलाफ इस्तेमाल कर रही है।
यह भी पढ़ें: ड्रग, आतंक बहाना, निगाहें तेल पर, वेनेजुएला में ट्रंप के तांडव की इनसाइड स्टोरी
पुलिस के मुताबिक 12 मई को नेहा सिंह राठौर ने एक गाना गाया। गाने के बोल थे 'चौकीदरवा कायर बा', उन्होंने मोदी सरकार पर कई सवाल उठाए थे। उन्होंने पीएम मोदी को जनरल डायर तक बता दिया था। बीजेपी समर्थकों ने 20 मई को नेहा सिंह राठौर के खिलाफ वाराणसी मंडल के 15 थानों में 500 से ज्यादा शिकायतें दी थीं। लखनऊ में भी कई शिकायतें दर्ज हुईं थीं।
अब आगे क्या?
लखनऊ में अभय प्रताप सिंह नाम के एक शख्स ने हजरतगंज थाने में शिकायत की थी। नेहा सिंह, इसी सिलसिले में पूछताछ के लिए थाने पहुंची थीं। उन्होंने कई बार कहा है कि कितनी लोग 400 नहीं 4 लाख FIR करें, फिर भी वह सच बोलेंगी और सरकार से सवाल करेंगी। नेहा सिंह राठौर से एक बार फिर पूछताछ हो सकती है।