मध्य प्रदेश के सागर जिले में रहने वाले दो भाइयों की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। वायरल वीडियो में दोनों भाई पिस्तौल लहराते हुए दिखे। जब पुलिस ने दोनों भाइयों के घर की तलाशी ली, ताकि वायरल वीडियो वाली पिस्तौल मिल सके, तो वह पिस्तौल पुलिस को नहीं मिली लेकिन करोड़ों रुपये नकद मिले। जब पुलिस ने उनकी अलमारी की तलाशी ली तो उसमें 3 करोड़ से ज्यादा रुपये मिले। इन रुपयों के बारे में दोनों भाइयों ने दावा किया कि ये रुपये उनके नहीं हैं, बल्कि उनके एक रिश्तेदार के हैं। पुलिस इन रुपयों को अपने साथ ले गई और दोनों भाइयों के खिलाफ जांच-पड़ताल शुरू की है।
यह मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के तीली तिगड्डा इलाके का है, जहां पुलिस रविवार को दोनों भाइयों से पूछताछ करने गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सौरभ अहिरवार और उनके भाई कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर पिस्तौल के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करते थे। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, सौरभ का भाई ऑटो चलाता है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपिता को राष्ट्रपति बताया, अब ट्रोल हो रहीं बिहार की मंत्री श्रेयसी सिंह
आलमारी में मिले करोड़ों रुपये
इस मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि सौरभ अहिरवार और उसके भाई ने कथित तौर पर पिस्तौल लहराते हुए इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किए थे। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई थी। जब पुलिस की टीम को सौरभ के घर का पता मिल गया तो पुलिस की टीम तुरंत सौरभ के घर पिस्तौल बरामद करने पहुंची। पुलिस टीम को घर में एक बंद अलमारी नजर आई।
पुलिस अधीक्षक अनुराग ने कहा, ‘जब पुलिस टीम ने दोनों भाइयों को अलमारी खोलने के लिए कहा तो दोनों भाई टालमटोल करने लगे। दोनों ने कहा कि उनके पास चाबी नहीं है। तब पुलिस ने अलमारी का ताला तोड़ दिया, जिसके बाद एक बैग में तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की बेहिसाब नकदी बरामद हुई।’
यह भी पढ़ें: कौन हैं एल्गोरिदम किंग आर्यन केल्विन? जिसके हर वीडियो पर हैं लाखों व्यूज
इन नकद रुपयों को लेकर दोनों भाइयों ने दावा किया कि यह रुपये उनके नहीं हैं, बल्कि उनके एक रिश्तेदार के हैं, जिसने लगभग आठ-नौ साल पहले अलमारी में रुपये रखकर गए थे। पुलिस की पूछताछ में दोनों भाइयों ने बताया कि उनके करीबी रिश्तेदार रमेश अहिरवार हैं, जो लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर के तौर पर काम करते हैं। उन्हीं ने लगभग 3 करोड़ रुपये नकद अलमारी में रखे थे। पुलिस ने रुपयों को जब्त कर लिया है। साथ ही आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है, ताकि पता चल सके कि दोनों भाइयों का दावा सच है या झूठ।