उत्तर प्रदेश के मेरठ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां एक पिता अपनी बेटी के तलाक के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ उसका स्वागत कर रहे हैं। यह वीडियो इस बात का सबूत है कि आज के दौर में लोग तलाक को कलंक नहीं मान रहे हैं बल्कि बेटी की खुशी और सुकून को अहमियत दे रहे हैं। वायरल वीडियो में एक रिटायर्ड जज अपनी बेटी के कोर्ट से तलाक मिलने के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ, गले में माला पहनाकर स्वागत कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में प्रणिता शर्मा हैं, जिनका शादी के 7 साल बाद मेजर गौरव अग्निहोत्री से तलाक हुआ। इसके बाद प्रणिता के पिता और पूरे परिवार ने एक जैसी टी-शर्ट पहनकर उनका स्वागत किया। टी-शर्ट पर लिखा था 'I Love My Daughter'। पूरे परिवार ने प्रणिता के तलाक पर उत्सव मनाया गया।
यह भी पढ़ें: पोते ने थार पार्क की, अचानक पीछे लुढ़कने से कुचल गई दादी, वायरल वीडियो
क्यों हुआ तलाक?
प्रणिता के परिवार का दावा है कि वह अपने ससुराल में पिछले 7 साल से शोषण का शिकार थीं। शादी की शुरुआत में सब कुछ ठीक था। कुछ समय बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया और उनके साथ शोषण होने लगा। शुरुआत में प्रणिता को लगा कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा लेकिन 7 साल तक स्थिति नहीं बदली। इससे परेशान होकर उन्होंने तलाक लेने का फैसला लिया।
पिता ने तलाक को लेकर कहा, 'हमने तलाक में कोई एलिमनी नहीं ली है।' साथ ही उन्होंने बताया, 'तलाक के बाद ससुराल से कोई सामान भी नहीं लिया गया, सिर्फ बेटी को घर लाया गया।' प्रणिता के स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अपनी-अपनी राय दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मदरसे में मासूम बच्चे को बेरहमी से पीटा, वायरल हुआ वीडियो, मौलवी नप गए
वायरल वीडियो में क्या है?
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि रिटायर्ड जज अपनी बेटी का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत कर रहे हैं। साथ ही पूरा परिवार मिलकर डांस करता नजर आ रहा है।
इस वीडियो को देखकर कपिल गौर ने कहा, 'अक्सर समाज में तलाक को एक ‘कलंक’ या ‘हार’ के रूप में देखा जाता है लेकिन प्रणिता के पिता ने इसे एक नई शुरुआत के रूप में परिभाषित किया। ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी बेटी का स्वागत करके उन्होंने यह संदेश दिया कि बेटी का स्वाभिमान और उसकी मानसिक शांति, समाज के ‘लोग क्या कहेंगे’ वाले डर से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।'