उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रहने वाली तीन बहनें सोशल मीडिया पर अपनी झूठी लाइफ दिखा रही थीं। इन तीनों बहनों ने सोशल मीडिया पर बताया कि तीनों ने एक ही शख्स से शादी की थी ताकि वे हमेशा एक साथ रह सकें। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जल्द ही वायरल हो गया। जब स्थानीय पुलिस ने यह वीडियो देखा तो उन्होंने जांच-पड़ताल शुरू की। तीनों में से एक बहन सिर्फ 15 साल की थी। इस वजह से बाल कल्याण समिति ने तीनों लड़कियों से पूछताछ की। तब लड़कियों ने कबूल किया कि वे सोशल मीडिया पर व्यूज़ बढ़ाने के लिए फर्जी शादी का दावा कर रही थीं।
तीनों बहनें हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में गंगा किनारे एक गांव की रहने वाली थीं। इनमें से दो सगी बहनें बीए और इंटर की पढ़ाई कर रही थीं। बाद में उनकी मौसेरी बहन भी उनके साथ वीडियो बनाने लगी। इनके यूट्यूब चैनल का नाम एके 1990 है। पुलिस के मुताबिक, तीनों बहनों ने हसनपुर के एक मंदिर में शादी करने का वीडियो बनाया था, जिसे अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया था। जानकारी के लिए बता दें कि 20 साल की अलका अपनी 15 साल की बहन के साथ पहले वीडियो बनाती थी, जिसके बाद उनकी मौसेरी बहन देविका भी वीडियो बनाने लगी।
यह भी पढ़ें: कौन है ऋषिकेश शुक्ला, जिसने PM मोदी का नाम लेकर CJP समर्थकोंं को पीटा?
शादी का वीडियो वायरल
इन तीनों बहनों ने 17 जुलाई को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में तीनों बहनें एक ही शख्स से शादी करती नजर आईं। यह फर्जी शादी गांव के एक मंदिर में हुई थी, जो वीडियो में बिल्कुल हकीकत जैसी लग रही थी।
इस वीडियो के बाद तीनों बहनों ने एक और वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने एक ही शख्स से शादी करने की वजह बताई। तीनों बहनों ने कहा कि वे हमेशा एक साथ रही हैं और उनमें इतना प्रेम है कि वे अलग नहीं रह सकतीं। साथ ही तीनों बहनों ने दावा किया कि उन्हें ऐसा कोई घर नहीं मिला, जहां तीन भाई शादी करने के लिए तैयार हों।
फर्जी शादी से बढ़ाए फॉलोअर्स
तीनों बहनों का फर्जी शादी का दावा करने वाला वीडियो रातोंरात वायरल हो गया। एक दिन के भीतर उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 4.60 लाख से बढ़कर 5.15 लाख हो गए। साथ ही व्यूज़ की संख्या बढ़कर 150 मिलियन हो गई।
यह भी पढ़ें: 'परचून की दुकान पर पटवारी का पेपर...', CJP के मंच पर पुलिसकर्मी ने दिया इस्तीफा
बाल कल्याण समिति ने लिया एक्शन
तीनों बहनों के वीडियो देखने के बाद बाल कल्याण समिति ने हसनपुर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तीनों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। वहां तीनों बहनों ने समिति के अधिकारियों को सच बता दिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने हकीकत में शादी नहीं की थी, बल्कि सोशल मीडिया पर सिर्फ शादी का नाटक किया था।
इसके बाद तीनों बहनों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने व्यूज़ बढ़ाने के लिए झूठी शादी का वीडियो बनाया था। साथ ही तीनों बहनों ने दर्शकों को बताया कि वे जल्द ही यह वीडियो डिलीट कर देंगी।