उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सोशल मीडिया पर प्रैंक रील बनाने के लिए दो इंटरमीडिएट के छात्र बुर्का पहनकर बाइक से निकले थे। सिगरा पुलिस और इंटेलिजेंस टीम ने मलदहिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान उन्हें पकड़ा। पूछताछ के बाद पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर मिलने पर उनकी बाइक सीज कर दी और थाने बुलाकर परिजन के सामने उनकी काउंसलिंग की।
यह मामला 13 अगस्त 2026 को वाराणसी के मलदहिया चौराहे का है। सिगरा पुलिस और इंटेलिजेंस टीम शांति व्यवस्था की ड्यूटी के दौरान वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक यामाहा बाइक (UP 65 FF 0716) पर दो युवक आते दिखे। पीछे बैठे युवक ने बुर्का और आंखों पर चश्मा पहन रखा था। इस वेशभूषा को देखकर पुलिस को शक हुआ और उन्होंने दोनों को रोक लिया।
यह भी पढ़ें: जापान के युवक ने कुत्ता बनने पर खर्च किए 220 करोड़? वायरल वीडियो का सच जानिए
क्या कर रहे थे ये लड़के?
पुलिस के रोकने पर वहां काफी लोग इकट्ठा हो गए। दोनों लड़के 12वीं कक्षा के छात्र हैं। उन्होंने पूछताछ में बताया कि वे सोशल मीडिया के लिए प्रैंक रील बनाने जा रहे थे और इसके लिए इमलिया घाट की तरफ निकल रहे थे। पुलिस दोनों लड़कों को सिगरा थाने ले गई। वहां एसीपी चेतगंज, स्थानीय पुलिस और इंटेलिजेंस विभाग के अफसरों ने उनसे पूछताछ की। पुलिस ने उनकी तलाशी भी ली लेकिन उनके पास कोई भी गलत सामान नहीं मिला। पुलिस ने साफ कर दिया कि इस मामले का किसी भी गलत या देश विरोधी गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है।
यह भी पढ़ें: पान वाले से दुकानदार मांग रहा था 5 हजार, वायरल हो गया वीडियो, जा सकती है नौकरी
परिजन की काउंसलिंग
जांच करने पर पता चला कि उनकी बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था। नियम तोड़ने की वजह से पुलिस ने उनकी बाइक जब्त कर ली। इसके बाद दोनों के माता-पिता को थाने बुलाया गया। घरवालों के सामने ही उन्हें समझाया गया और सख्त चेतावनी दी गई कि आगे से ऐसी हरकत न करें जिससे कानून व्यवस्था बिगड़े।