सावन के महीने में मंदिरों के बाहर लंगर लगना आम बात है। आमतौर पर लंगर में पारंपरिक भारतीय खाना परोसा जाता है और धार्मिक आयोजन की तरह लंगर लगाया जाता है लेकिन चंडीगढ़ से कुछ अलग तस्वीरें सामने आई हैं। चंडीगढ़ में मंगलवार को एक शख्स ने अनोखा लंगर लगाया। यहां एक शख्स ने पारंपरिक खाने का नहीं बल्कि बर्गर और कोल्ड ड्रिंक की लंगर लगाया। लंगर की सबसे खास बात यह रही कि उस व्यक्ति ने बर्गर और कोल्ड ड्रिंक के साथ-साथ सभी को 500-500 रुपये के नोट भी दिए। सोशल मीडिया पर अब इस अनोखे लंगर की खूब चर्चा हो रही है।
इस अनोखे लंगर का आयोजन 'दानवीर राजा डी किंग' नाम से पहचाने जाने वाले शख्स की ओर से किया गया। आयोजन में जरूरतमंद लोगों को 500 रुपये के नोट, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक बांटे गए। नकद राशि के साथ खाने-पीने की चीजें मिलने से यह लंगर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
यह भी पढ़ें: 'प्यार से मत ले जाओ, उठाकर फेंको', MLA को मार्शल आउट करने पर बोले प्रवेश वर्मा
क्या है मनी लंगर?
लंगर में आमतौर पर खाना दिया जाता है लेकिन मनी लंगर में दानवीर राजा डी किंग खाने के साथ-साथ पैसा भी बांट रहे हैं। उनके अनुसार, उनका मकसद जरूरतमंद लोगों को तत्काल आर्थिक मदद के साथ भोजन उपलब्ध कराना है। लंगर के दौरान दौरान जरूरतमंद लोगों को लाइन में खड़े होकर सहायता लेते देखा गया। किसी के हाथ में नकदी पहुंची तो किसी को बर्गर और कोल्ड ड्रिंक दिए गए। इस पहल की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद यह अनोखा आयोजन चर्चा में आ गया।
पहले भी कर चुके हैं कई आयोजन
इससे पहले उन्होंने पंजाब के अमृतसर में लगभग 25 जगहों पर वीवीआईपी लंगर चलाए थे। वर्तमान में वे चंडीगढ़ और उसके पास स्थित मनीमाजरा क्षेत्र में सक्रिय हैं और वहां बड़े स्तर पर सेवा कर रहे हैं। मनीमाजर में कुछ दिन पहले मंदिर के बाहर उन्होंने लंगर का आयोजन किया था। इसके बाद उन्होंने कहा था कि चंडीगढ़ में भी कई जगहों पर उनका लंगर लगाने का प्लान है।
पेट्रोल का लंगर
उन्होंने एक लंगर के आयोजन के दौरान कहा कि वह आने वाले दिनों में पेट्रोल का लंगर लगाने का भी प्लान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके लिए चंडीगढ़ में कुछ जगहों पर उन्हें परमिशन मिल चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अलग-अलग गाड़ियों के लिए अलग-अलग मात्रा में पेट्रोल दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हल्दीराम, मैकडोनाल्ड जैसी जगहों पर भी लंगर शुरू होंगे।
क्यों लगा रहे हैं ऐसे लंगर?
उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति जहां तक पहुंच सकता है वहीं के सपने देखता है लेकिन उनके जय माता दी ग्रुप का उद्देश्य है कि व्यक्ति जो सोच नहीं सकता उसे वहां पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि बड़े ब्रांड्स के खाने के आउटलेट के बाहर गरीब व्यक्ति खड़े होते हैं लेकिन उनकी हिम्मत अंदर जाने की नहीं होती है। उन्होंने कहा कि उनका ग्रुप उन्हें उन जगहों पर भी लंगर लगाकर खिलाएगा।
यह भी पढ़ें: शिकायत लेकर गई महिला से थाने में की बदतमीजी, सस्पेंड हो गए दरोगा
कौन हैं दानवीर राजा डी किंग?
लंगर लगाने वाले इस शख्स को 'दानवीर राजा डी किंग' के नाम से जाना जाता है। यह जय माता दी ग्रुप बनाकर अमृतसर में लंबे समय से काम कर रहे हैं और अब वह चंडीगढ़ में भी अपना काम शुरू कर रहे हैं। हालांकि, वह इन लंगर के लिए पैसा कहां से ला रहे हैं इस बारे में उन्होंने जानाकारी नहीं दी है। उनकी पहचाल सार्वजनिक रूप में दानवारी राजा डी किंग के रूप में ही है। इसके अलावा अभी तक उनके बारे में कोई और जानकारी सामने नहीं आई है।