उत्तर प्रदेश के चुनाव में अभी कई महीने बाकी हैं लेकिन समाजवादी पार्टी के एक नेता ने मुसीबत मोल ले ली है। मथुरा के इस नेता ने एक महिला बैंककर्मी को मैसेज किया है कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार आएंगी तो वह महिला को मुख्यमंत्री के कोटे से IAS बनवा देंगे। अब यही मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। इस मैसेज में सपा नेता राजन रिजवी महिला से कह रहे हैं कि उनकी पर्सनैलिटी को बैंक की नौकरी सूट नहीं करती है। उन्होंने यह भी लिखा है कि अगर उनके शब्दों से उनका दिल हर्ट हुआ है तो वह माफी मांगते हैं।
अब इस मामले ने तूल पकड़ लिया है और हिंदू महासभा ने इसकी शिकायत की है। आरोप है कि सपा नेता राजन रिजवी ने पहले तो महिला पर व्यक्तिगत संबंध बनाने का दबाव डाला और जब बात नहीं बनी तो आईएएस बनाने का झांसा देने लगे। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला बैंक में कैशियर हैं और उनके पति वन विभाग में अधिकारी हैं। हिंदू संगठनों का कहना है कि राजन रिजवी को पुलिस ने हिरासत में तो लिया था लेकिन फिर छोड़ भी दिया।
यह भी पढ़ें: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे बनाने वाली PNC 3 साल के लिए हुई ब्लैकलिस्ट, लगा जुर्माना
मैसेज में क्या लिखा?
राजन रिजवी ने अपने मैसेज में लिखा है, 'मेरे शब्दों से आपका दिल हर्ट हुआ है तो मैं आपसे माफी मांगता हूं। वैसे मैंने कोई बात ऐसी नहीं की जो मर्यादा के खिलाफ हो। मैं आपकी बहुत इज्जत करता हूं। आप एक एक्स्ट्रा औरा वाली महिला हैं। खूबसूरत होने के साथ ही आपकी सीरत बहुत अच्छी है। आप अपने काम में माहिर यानी कंप्लीट वुमन हैं।'
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में होगी 15012 शिक्षकों की भर्ती, चुनाव से पहले हो जाएगी परीक्षा
आगे राजन रिजवी ने लिखा है, 'मुझे आपकी पर्सनैलिटी पर यह नौकरी अच्छी नहीं लगती। अगर भविष्य में राजनीति में कुछ आगे जाता हूं और सपा की सरकार बनती है तो मैं आपको चीफ मिनिस्टर कोटे से डेप्युटेशन के आधार पर IAS बनवाने की कोशिश करूंगा। उम्मीद करता हूं कि आप मेरे प्रति दिल में पॉजिटिव वेव्स रखोगी और मुझे ब्लेसिंग दोगी।' अब इस मामले में लव जिहाद के आरोप लगाए जा रहे हैं और राजन रिजवी की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।