दिल्ली में LPG सिलेंडर एक बार फिर महंगा हो गया है।दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। अब एक 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। 

नई दरें, रविवार से लागू हैं। यह तीन महीने में दूसरी बार LPG की कीमत बढ़ाई गई है। मार्च में भी LPG के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे। तेल कंपनियों के अनुसार, अभी भी हर सिलेंडर पर करीब 700 रुपये का नुकसान हो रहा था, इसलिए आंशिक बढ़ोतरी की गई है।

यह भी पढ़ें: तेल कंपनियों को 10 हजार करोड़ की मदद देगी सरकार, आखिर क्या है प्लान?

क्यों बढ़ी कीमत?

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान युद्ध की वजह से दुनियाभर में गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है। भारत को LPG आयात करने में दिक्कत हो रही है, जिससे कीमतें बढ़ गई हैं। सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतें भी बढ़ा दी हैं। 

क्या-क्या महंगा हुआ है?

होटल-रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत और भी ज्यादा बढ़ी है। जून में 42 रुपये, मई में और मार्च-अप्रैल में भी कई बार बढ़ोतरी की जा चुकी है।

आपके शहर में LPG सिलेंडर की दरें क्या हैं?

  • दिल्ली: 942 रुपये
  • कोलकाता: 968 रुपये
  • मुंबई: 941.50 रुपये
  • चेन्नई: 957.50 रुपये

असर किस पर होगा?

आम घरों के लिए LPG अब पहले से महंगा हो गया है, जिसका सीधा असर रसोई के खर्च पर पड़ेगा। अब आपके किचन का बजट प्रभावित हो सकता है। होटल और दुकानों पर पहले खाना महंगा हो चुका है। 

यह भी पढ़ें: रूस के तेल पर छूट खत्म करेगा अमेरिका, भारत पर क्या असर होगा? 5 पॉइंट में समझिए

महंगाई की मार से बेहाल जनता

रसोई गैस के दाम बढ़ने के साथ-साथ देशभर में सभी ईंधन महंगे हो रहे हैं। मई से अब तक पेट्रोल और डीजल के दाम कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं। वहीं CNG के दाम भी करीब 6 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं। ये सारे बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ऊर्जा के दाम बढ़ने की वजह से हुई है।

तेल कंपनियों का दावा- अब भी घाटे में 

दाम बढ़ाने के बावजूद सरकारी तेल कंपनियां भारी नुकसान झेल रही हैं। दावा है कि पेट्रोल बेचने पर करीब 11 रुपये प्रति लीटर का घाटा हो रहा है। डीजल पर तो 33.60 रुपये प्रति लीटर का नुकसान है। कंपनियां महंगाई और आम लोगों की जेब को देखते हुए दाम बढ़ाने में सावधानी बरत रही हैं, लेकिन घाटा इतना ज्यादा है कि उन्हें मुश्किल हो रही है। अभी आम लोगों को पेट्रोल, डीजल, LPG और CNG, हर चीज के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।