गुरु नानक जयंती पर मंगलवार 24 नवंबर को शेयर मार्केट बंद रहा। एक दिन के बंदी के बाद बुधवार को हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार की शुरुआत जोरदार तेजी के साथ हुई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सुबह 9:15 बजे 83,746.40 अंक पर खुला। इसमें पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 1,310.41 अंक यानी 1.59 फीसदी की बढ़त देखने को मिली।
वहीं, बैंकिंग शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। BSE बैंकएक्स 1,283.30 अंक यानी 1.82 फीसदी चढ़कर 71,694.11 अंक पर कारोबार करता दिखा। इसके अलावा, BSE फोकस्ड IT इंडेक्स में 637.42 अंक यानी 1.66 फीसदी की तेजी रही और यह 38,971.61 अंक पर कारोबार करता दिखा।
दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 सुबह 9:17 बजे 25,748.10 अंक पर कारोबार कर रहा था। इसमें 398.45 अंक यानी 1.57 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। निफ्टी बैंक 1,157.35 अंक यानी 1.85 फीसदी चढ़कर 63,742.70 अंक पर पहुंच गया। निफ्टी नेक्स्ट 50 भी 388.90 अंक यानी 0.54 फीसदी की बढ़त के साथ 72,634.30 अंक पर रहा। कुल मिलाकर आज मार्केट की शुरुआत तेजी के साथ हुई।
यह भी पढ़ें: सोने की कीमत 32% गिरी, फिर भी 2 साल पहले से दोगुनी महंगा; समझिए पूरा गणित
BSE पर कैसा रहा कंपनियों का हाल?
25 नवंबर 2026 को सुबह 9:16 बजे BSE पर 30 में 25 शेयर हरे निशान पर कारोबार करते दिखे। आईटी और बैंकिंग शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। इंफोसिस 3.43 फीसदी की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके बाद बजाज फाइनेंस में 3.26 फीसदी, HDFC बैंक में 3.15 फीसदी और ICICI बैंक में 3.02 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा, इंडिगो के शेयर 2.65 फीसदी और TCS के शेयर 2.05 फीसदी बढ़त में नजर आए।
बैंकिंग सेक्टर की बात करें तो कोटक महिंद्रा बैंक 1.86 फीसदी, एक्सिस बैंक 1.79 फीसदी और बजाज फिनसर्व 1.60 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। टेक महिंद्रा में 1.85 फीसदी और HCL टेक में 1.76 फीसदी की तेजी दी यानी आईटी और बैंकिंग शेयरों ने बाजार की तेजी को मजबूती दी।
दूसरी ओर टाटा स्टील सबसे ज्यादा नुकसान में रहा। इसके शेयरों में 1.68 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.99 फीसदी, पावर ग्रिड 0.85 फीसदी, टाइटन 0.50 फीसदी और NTPC 0.09 फीसदी टूटकर गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
घरेलू बाजार में सोने-चांदी का भाव गिरा
घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतें लगातार गिर रही हैं। आज भी बाजार खुलते ही कीमतों में हल्की गिरावट देखने को मिली। सोना सस्ता होकर करीब 1.21 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास ट्रेड करता दिखा। इसके अलावा, चांदी गिरावट के साथ 1.44 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करती दिखी।
24 कैरेट सोने का भाव आज 122,430 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है, जबकि 22 कैरेट सोना लगभग 112,228 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बना हुआ है। 18 कैरेट गोल्ड 91,823 प्रति 10 ग्राम के करीब ट्रेड कर रहा है। बताते चलें की आज बुलियन मार्केट में चांदी की कीमत लगभग 145,420 प्रति किलोग्राम के आसपास ट्रेड करती दिखी।
