टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने 2.1 फीसदी यानी 4,800 कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी ने यह फैसला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा खर्च करने के लिए लिया गया। कंपनी ने रातोंरात कई लोगों को नौकरी से निकाल दिया, जिससे उनके करियर के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। टेक जगत में माइक्रोसॉफ्ट एक बड़ी कंपनी मानी जाती है, ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी टेक सेक्टर में बढ़ते संकट की ओर इशारा करती है।
माइक्रोसॉफ्ट कंपनी ने कर्मचारियों को सोमवार, 6 जुलाई को नौकरी से निकाला, जिसकी जानकारी उन्हें ईमेल के जरिए दी गई। माइक्रोसॉफ्ट ने वीडियो गेम एक्सबॉक्स (Xbox) से जुड़े बड़ी संख्या में कर्मचारियों की भी छंटनी की है। कंपनी ने बताया कि एक्सबॉक्स से 1,600 कर्मचारियों को निकाला गया। यह पहली टेक कंपनी नहीं है, जहां बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी हुई हो। इससे पहले इस साल मेटा और अमेजन भी हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुके हैं। इस साल की शुरुआत में ही माइक्रोसॉफ्ट ने अमेरिका में करीब 7 फीसदी यानी 9,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी।
यह भी पढ़ें: अमेजन प्राइम सेल कब होगा शुरु? TV, फोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, सब पर बंपर छूट
कर्मचारियों को नौकरी से क्यों हटाया?
माइक्रोसॉफ्ट कंपनी की हेड ऑफ एचआर एमा कोलमैन ने बताया, 'हमने वैश्विक स्तर पर अपनी कंपनी के 2.1 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी की है, ताकि कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर पर ज्यादा निवेश कर सके और ग्राहकों को तेज और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सके।' इसके अलावा, माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में भी भारी गिरावट आई है। पिछले 6 महीनों में कंपनी के शेयर करीब 23 फीसदी गिरे हैं, जिसकी वजह से कंपनी पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
माइक्रोसॉफ्ट ने गेमिंग डिवीजन एक्सबॉक्स के 1,600 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। इसे लेकर माइक्रोसॉफ्ट की गेमिंग हेड आशा शर्मा ने कहा कि कंपनी का मुनाफा घटकर सिर्फ 3 फीसदी रह गया है। कम मुनाफे की वजह से आगे भी कर्मचारियों की छंटनी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: सोने-चांदी के दाम ठहरे, आपके शहर में क्या भाव है? यहां चेक करें
AI पर होगा ज्यादा खर्च
आज के दौर में कई टेक कंपनियां एआई पर बड़े पैमाने पर निवेश कर रही हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल टेक कंपनियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में 700 बिलियन डॉलर का निवेश किया है। इसी निवेश के लिए कंपनियां अपने कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट एक्सबॉक्स में काम करने वाले 3,200 कर्मचारियों की भी छंटनी की तैयारी कर रही है, जिन्हें 2027 तक नौकरी से हटाया जा सकता है।


