दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंडरग्रेजुएट कोर्स (UG) में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी ने अपने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS-UG) पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। इस साल भी दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन CUET UG 2026 के स्कोर के आधार पर ही होगा, जिसे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने करवाया था और अब इसका रिजल्ट भी जारी कर दिया गया है। ऐसे में CUET देने वाले  स्टूडेंट्स को दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए CSAS पोर्टल पर अलग से रजिस्ट्रेशन करना होगा।

 

दिल्ली यूनिवर्सिटी ने साफ किया है कि केवल CUET UG की परीक्षा देना ही काफी नहीं है। एडमिशन के लिए स्टूडेंट्स को CSAS-UG पोर्टल पर आवेदन करना जरूरी होगा। इसी पोर्टल के जरिए आगे कॉलेज और कोर्स की पसंद भरनी होगी और सीट अलॉटमेंट की पूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अगर कोई छात्र CUET UG की परीक्षा में अच्छा स्कोर करने के बावजूद एडमिशन प्रोसेस का पालन नहीं करता है तो भी उसे एडमिशन नहीं मिलेगा। 

 

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में अफसर बनने का मौका, 500 पदों पर निकली PCS भर्ती

दो चरणों में होगी एडमिशन प्रोसेस

दिल्ली यूनिवर्सिटी की एडमिशन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में स्टूडेंट्स को CSAS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद अपनी पर्सनल जानकारी, एजुकेशनल डिटेल्स और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे। रजिस्ट्रेशन पूरा करने के लिए निर्धारित फीस भी जमा करनी होगी।

 

दूसरे चरण में यूनिवर्सिटी की ओर से शेड्यूल जारी होने के बाद स्टूडेंट्स अपने पसंदीदा कॉलेज और कोर्स की प्राथमिकता भर सकेंगे। इसी के आधार पर आगे सीट अलॉटमेंट किया जाएगा। स्टूडेंट्स को यब प्रेफरेंस अपनी CUET UG की परीक्षा के स्कोर के आधार पर और अपनी पसंद के आधार पर भरनी होगी। क्योंकि उसके हिसाब से छात्रों को कॉलेज मिलेगा। 

CUET स्कोर के आधार पर मिलेगी सीट

दिल्ली यूनिवर्सिटी के मुताबिक सीट अलॉटमेंट पूरी तरह CUET UG 2026 के स्कोर, कैटेगरी, तय योग्यता और स्टूडेंट्स द्वारा भरी गई कॉलेज व कोर्स की प्राथमिकता के आधार पर होगा। इसमें किसी भी प्रकार की अन्य वेटेज के बारे में जानकारी नहीं दी हई है। छात्र अपनी पसंद और स्कोर के आधार पर कॉलेज का चयन कर सकते हैं। 

 

सीट मिलने के बाद स्टूडेंट्स को तय समय के भीतर सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद संबंधित कॉलेज डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन का काम पूरा करेगा। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एडमिशन फीस जमा करनी होगी और इसके बाद छात्र संबंधित कॉलेज के नोटिस के अनुसार, दिए गए समय पर कॉलेज में जा सकते हैं और अपनी जर्नी शुरू कर सकते हैं। 

क्या स्पॉट एडमिशन होगी?

अगर सभी राउंड पूरे होने के बाद भी कुछ सीटें खाली रहती हैं तो यूनिवर्सिटी आगे अतिरिक्त सीट अलॉटमेंट राउंड या स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया भी शुरू कर सकती है। इसकी जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर जारी की जाएगी। हालांकि, यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि सीट खाली रहती हैं या नहीं। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने स्टूडेंट्स को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें। रजिस्ट्रेशन के दौरान अपनी पर्सनल जानकारी, एजुकेशनल डिटेल्स और अन्य जानकारी सही-सही भरें, ताकि आगे किसी तरह की परेशानी न हो।

 

यह भी पढ़ें: CUET UG 2026 का रिजल्ट जारी, इस लिंक से अभी डाउनलोड करें स्कोरकार्ड

जरूरी बातें

  • DU में UG एडमिशन सिर्फ CUET UG 2026 के स्कोर के आधार पर होगा।
  • CSAS-UG पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना सभी स्टूडेंट्स के लिए जरूरी है।
  • कॉलेज और कोर्स की पसंद बाद के चरण में भरनी होगी।
  • सीट मिलने के बाद तय समय में सीट स्वीकार करनी होगी।
  • डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फीस जमा होने के बाद ही एडमिशन कन्फर्म होगा।
  • एडमिशन से जुड़े सभी अपडेट DU के आधिकारिक CSAS पोर्टल https://admission.uod.ac.in/ पर जारी किए जाएंगे।