आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा साइंस के क्षेत्र में बढ़ती मांग के बीच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) रुड़की ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के बीटेक डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (DSAI) कार्यक्रम की पहली बैच ने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का रिकॉर्ड बनाया है। कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल सभी छात्रों को देश और विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों से नौकरी के प्रस्ताव मिले हैं।

 

यह कोर्स वर्ष 2021 में IIT रुड़की और मेहता फैमिली फाउंडेशन की साझेदारी में शुरू किया गया था। अब पहली ही बैच के शानदार प्रदर्शन ने साबित कर दिया है कि AI और डेटा साइंस जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की उद्योग जगत में कितनी अधिक मांग है। संस्थान ने इस उपलब्धि को भविष्य की तकनीकी शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है।

 

यह भी पढ़ें: लाइव हो गया CBSE का पोर्टल, नंबर चेक करने और रीचेकिंग कराने का तरीका जान लीजिए

इन कंपनियों ने दिखाई दिलचस्पी

IIT रुड़की के मुताबिक छात्रों को टेक्नोलॉजी, फाइनेंस, एनालिटिक्स और रिसर्च जैसे अलग-अलग फील्ड में नौकरी के मौके मिले हैं। कैंपस प्लेसमेंट में कई बड़ी कंपनियां आईं, जिनमें अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट, गोल्डमैन सैक्स, क्वालकॉम, सेल्सफोर्स, सैमसंग रिसर्च, डेटाब्रिक्स, बार्कलेज, वीजा और वॉर्नर ब्रदर्स डिस्कवरी शामिल हैं। इन कंपनियों ने छात्रों की टेक्निकल स्किल्स और खासकर AI के फील्ड में उनकी मजबूत पकड़ देखकर उन्हें नौकरी दी है।

 

संस्थान के निदेशक प्रोफेसर के के पंत ने बताया कि इस प्रोग्राम का मकसद छात्रों को ग्रेजुएशन लेवल पर ही AI से जुड़ी एडवांस टेक्नोलॉजी में माहिर बनाना था। उन्होंने कहा कि यह कोर्स सिर्फ पारंपरिक इंजीनियरिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को असली दुनिया की समस्याओं के हल निकालने की क्षमता भी देता है। इस कोर्स में गणित, कंप्यूटिंग, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और जिम्मेदार AI जैसे विषय शामिल किए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: NEET के बाद अब CUET पर फंसा NTA, पेपर में हुई गड़बड़ी, बदलनी पड़ी टाइमिंग

इंटर्नशिप में भी छात्रों का शानदार प्रदर्शन

संस्थान ने बताया कि वर्तमान बैच के छात्रों को भी कई बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर मिले हैं। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एडोबी, मास्टरकार्ड, सैमसंग, डेटाब्रिक्स और एक्सपीडिया जैसी कंपनियों में छात्रों ने इंटर्नशिप की है। इनमें से कई छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) भी प्राप्त हुए हैं।

 

मेहता फैमिली फाउंडेशन के संस्थापक राहुल मेहता ने कहा कि पहली ही बैच का 100% प्लेसमेंट इस कोर्स की क्वालिटी और इंडस्ट्री में इसकी अहमियत को दिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में AI और डेटा साइंस के क्षेत्र में नौकरी के मौके और तेजी से बढ़ेंगे।