CUET UG 2026 परीक्षा को लेकर बवाल शुरू हो गया है। शनिवार को देश के कई परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी दिक्कतों के चलते CUET UG 2026 परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी, जिसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को दूसरे शिफ्ट की टाइमिंग में बदलाव करना पड़ा।
एनटीए ने इस संबंध में एक बयान जारी करते हुए लिखा कि एजेंसी को मिली जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को कुछ परीक्षा केंद्रों पर CUET (UG) 2026 के संचालन के दौरान कंपनी ओर से आई एक तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। इसके साथ ही एनटीए ने शिफ्ट 2 की टाइमिंग में बदलाव के बारे में भी बताया।
यह भी पढ़ें: जिस कंपनी पर 20 छात्रों की मौत का आरोप, नाम बदलकर उसी को CBSE ने थमाया OSM टेंडर
क्या बोला एनटीए?
एनटीए ने बताया कि यह तकनीकी समस्या अब पूरी तरह से दूर कर दी गई है और परीक्षा सुचारु रूप से आयोजित की जा रही है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए पूरा समय दिया जा रहा है, ताकि किसी भी छात्र को किसी प्रकार का नुकसान न हो।
दूसरी शिफ्ट की टाइमिंग
रिपोर्टिंग और एंट्री का समय- दोपहर 2:30 बजे से
परीक्षा शुरू होने का समय: शाम 4:00 बजे (पहले 3 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी)
एनटीए ने कहा कि दूसरी पाली के साथ-साथ पहली पाली वासे अभ्यर्थियों को भी पेपर करने के लिए पूरा समय दिया जाएगा। एनटीए ने कहा कि सभी उम्मीदवार अपनी परीक्षा पूरी करने के बाद ही केंद्र से बाहर जा सकेंगे। इसके साथ ही एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: हर साल हजारों लाख का मुनाफा, फिर भी बिकी IMPCL, उत्तराखंड की नई चिंता क्या है?
विपक्ष ने बोला हमला
देशभर में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर बवाल हो रहा है। पहले नीट पेपर लीक के कारण एनटीए और सरकार की फजीहत हुई। इसके बाद CBSE ने 12वीं के रिजल्ट में छात्रों को परेशान किया फिर SSC की परीक्षा में सिस्टम नहीं चले। इसके बाद अब CUET की परीक्षा में छात्रों को परेशान होना पड़ रहा है। इसको लेकर सरकार विपक्ष के निशाने पर है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर सरकार पर हमला बोला। राहुल गांधी ने लिखा, 'चार परीक्षाएं। एक करोड़ बच्चे। एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई। मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है। जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं। वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी।'