नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET जून 2026 के तीन विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के पेपर में कई तरह की गड़बड़ियां मिली थीं। इसके बाद NTA ने इन तीनों विषयों की परीक्षा फिर से कराने का ऐलान किया है। इनकी परीक्षा सितंबर में होगी। खास बात यह है कि री-एग्जाम देने वाले उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी।
UGC-NET जून 2026 की परीक्षा 22 से 30 जून के बीच 87 विषयों के लिए आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रश्नपत्रों को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद NTA ने एक समिति गठित कर पेपर की जांच कराई। समिति की रिपोर्ट के आधार पर तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया।
यह भी पढ़ें: क्या है स्किल सर्टिफिकेट, जिसके सहारे बिना डिग्री युवाओं को मिलेगा रोजगार?
प्रश्नपत्र में मिलीं कई तरह की गड़बड़ियां?
जांच समिति को तीनों पेपर में तथ्य, टाइपिंग और अनुवाद से जुड़ी कई गलतियां मिलीं। रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ बड़े विद्वानों के नाम गलत लिखे गए थे। कई किताबों के नाम भी गलत या साफ नहीं थे। इसके अलावा, सवालों की भाषा और व्याकरण में भी कई खामियां पाई गईं।
यह भी पढ़ें: जर्मनी में नौकरी कैसे पाएं? वीजा, फीस और आवेदन का तरीका जानिए
इसके अलावा कुछ प्रश्नों में लिंग और वचन से जुड़ी गलियां, विराम चिह्न की समस्या और स्थापित अवधारणाओं के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल पाया गया। समिति ने यह भी पाया कि कई सवाल पिछली परीक्षाओं में पूछे जा चुके थे। NTA ने कहा कि इन खामियों को सिर्फ कुछ सवाल हटाकर दूर करना संभव नहीं था। इसलिए निष्पक्ष परीक्षा के लिए दोबारा एग्जाम कराने की सिफारिश की गई।
सितंबर में कब होगा री-एग्जाम?
NTA के शेड्यूल के मुताबिक, इंग्लिश और कॉमर्स की परीक्षा 9 सितंबर को होगी। इंग्लिश का पेपर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहली शिफ्ट में होगा। वहीं, कॉमर्स की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक दूसरी शिफ्ट में होगी। सोशियोलॉजी का पेपर 10 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा का शहर, एग्जाम सेंटर और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी NTA बाद में जारी करेगा।
यह भी पढ़ें: दादी की मौत के बाद तीसरी में देखा डॉक्टर बनने का सपना, अब NEET में किया टॉप
बाकी 84 विषयों का रिजल्ट नहीं रुकेगा
NTA ने साफ किया है कि इन तीन विषयों की दोबारा परीक्षा होने से बाकी 84 विषयों के रिजल्ट पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इन 84 विषयों के लिए आंसर की पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और तय प्रक्रिया के मुताबिक रिजल्ट जारी किया जाएगा। इसके अलावा, इन विषयों के लिए JRF सीटों का आवंटन भी होगा और असिस्टेंट प्रोफेसर व PhD में दाखिले की पात्रता से जुड़े ई-सर्टिफिकेट भी जारी किए जाएंगे। UGC-NET परीक्षा JRF पाने, असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की पात्रता और PhD में दाखिले के लिए आयोजित की जाती है।
