चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव चल रहे हैं। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के चुनावों में दो मुख्यमंत्री एन रंगासामी और ममता बनर्जी ऐसे हैं जो लगातार एक से ज्यादा कार्यकाल से सरकार चला रहे हैं। चुनाव लड़ने के लिए दाखिल किए जाने वाले एफिडेविट में ही ये सभी नेता अपनी संपत्ति का ब्योरा देते हैं। इस बार दी गई जानकारी और पुराने एफिडेविट को खंगालने पर यह पता चलता है कि कुछ मुख्यमंत्रियों की संपत्ति में इजाफा हुआ है तो कुछ मुख्यमंत्रियों की संपत्ति 5 साल में घट गई है। 5 में तीन मुख्यमंत्रियों की संपत्ति में इजाफा हुआ है और दो मुख्यमंत्रियों की संपत्ति में कमी आई है।
संपत्ति के हिसाब से देखा जाए तो चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्रियों में सबसे अमीर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा हैं और सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं। हिमंता बिस्वा सरमा के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी संपत्ति में लगभग डेढ़ गुना की बढ़ोतरी हुई है। रोचक बात है कि कांग्रेस उन पर लगातार हमलावर है और आरोप लगा रही है कि उनके पास विदेश में भी संपत्ति है और इसका जिक्र उन्होंने अपने हलफनामे में नहीं किया है। हालांकि, हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी ने ऐसे आरोपों से साफ इनकार किया है।
आइए इन नेताओं के इस साल के और 2021 के चुनावी हलफनामे का विश्लेषण करके यह समझते हैं कि इन नेताओं की संपत्ति में पिछले 5 साल में क्या बदलाव हुआ है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर से अपनी जालुकबाड़ी विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ रहे हैं। 5 साल तक सरकार चला चुके हिमंता बिस्वा सरमा की संपत्ति को लेकर कांग्रेस खूब हमलावर है। हालांकि, चुनावी हलफनामे के मुताबिक, हिमंता की सालाना कमाई लगभग 30 लाख रुपये और उनकी पत्नी की सालाना कमाई 4.19 करोड़ रुपये रुपये है। इस बार नामांकन के समय हिमंता के पास 2.28 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास 3.16 लाख रुपये कैश थे।
यह भी पढ़ें: असम की सियासत में पत्नियों की एंट्री, कैसे बढ़ा रही हिमंता-गोगोई की मुश्किलें?
बैंक खातों में जमा पैसों और गहनों को मिलाकर हिमंता ने अपनी कुल चल संपत्ति 2.36 करोड़ और अपनी पत्नी की कुल चल संपत्ति 13.54 करोड़ घोषित की है। रोचक बात है कि इस बार हिमंता ने अपने बच्चों की संपत्ति नहीं घोषित की है। अचल संपत्ति की बात करें तो हिमंता के पास कुल 95 लाख रुपये की और उनकी पत्नी के पास 15.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इस तरह दोनों को मिलाकर कुल संपत्ति 32.76 करोड़ रुपये है।
2021 में कितनी थी हिमंता की संपत्ति?
साल 2021 में हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया था उनकी सालाना आय लगभग 26 लाख रुपये और उनकी पत्नी की सालाना कमाई लगभग 3 करोड़ रुपये थी। तब हिमंता के बच्चों के पास कोई संपत्ति नहीं थी। 2021 में नामांकन के समय उनके पास 25,200 रुपये कैश, उनकी पत्नी के पास 31,500 रुपये कैश और दोनों बच्चों को मिलाकर लगभग 31 हजार रुपये कैश थे।
तब हिमंता के एक बैंक खाते में 45.81 लाख रुपये, दूसरे खाते में 5.95 लाख रुपये, उनकी पत्नी के एक बैंक खाते में 16.89 लाख रुपये और दूसरे बैंक खाते में 82.74 लाख रुपये और तीसरे बैंक खाते में 297 रुपये थे। उनकी पत्नी के पास तब 60.60 लाख रुपये के गहने थे। वहीं, उनके बच्चों के पास भी 40-40 लाख रुपये के गहने थे। इस तरह हिमंता बिस्वा सरमा की खुद की कुल चल संपत्ति 1.72 करोड़, उनकी पत्नी के पास 10.17 करोड़ और दोनों बच्चों को मिलाकर लगभग 1.08 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। पूरे परिवार की कुल संपत्ति 12.97 करोड़ रुपये थी। अगर 5 साल में बदलाव देखें तो हिमंता बिस्वा सरमा की संपत्ति में लगभग 20 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
बदलाव: संपत्ति में 152% की बढ़ोतरी
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन
5 साल से तमिलनाडु की सरकार चला रहे एम के स्टालिन डीएमके के मुखिया और राज्य के दिग्गज नेताओं में गिने जाते हैं। इस बार के चुनावी हलफनामें में स्टालिन ने अपनी सालाना आय लगभग 30 लाख रुपये और अपनी पत्नी की सालाना आय लगभग 5 लाख रुपये बताई है। नामांकन भरते समय स्टालिन के पास 10 हजार रुपये कैश और उनकी पत्नी के पास 40 हजार रुपये कैश थे। स्टालिन ने कुल 8 बैंक अकाउंट का जिक्र किया है। स्टालिन के सभी बैंक खातों और सेविंग को मिलाकर उनके पास कुल 3.3 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 1.32 करोड़ रुपये थे। स्टालिन के पास कुल 2.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और उनकी पत्नी के पास कुल 2.11 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इस तरह स्टालिन और उनकी पत्नी को मिलाकर कुल 9.6 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में BJP की चाल चल रहे स्टालिन, 21 दलों के साथ गठबंधन से मिलेगी सत्ता?
2021 में कितनी थी संपत्ति?
2021 में भी इसी कोलातुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़े स्टालिन ने अपनी सालाना कमाई लभभग 28 लाख रुपये और अपनी पत्नी की सालना कमाई लगभग 4 लाख रुपये बताई थी। तब उन्होंने कुल 5 बैंक खातों की जानकारी दी थी। इन खातों को मिलाकर उनके पास कुल 4.94 करोड़ रुपये की और उनकी पत्नी के पास कुल 30.52 लाख रुपये की चल संपत्ति थी। तब स्टालिन के पास कुल 2.24 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति थी और उनकी पत्नी के पास कुल 1.38 करोड़ की अचल संपत्ति थी। इस तरह दोनों को मिलाकर तब कुल संपत्ति 8.86 करोड़ रुपये की थी।
इस तरह दोनों की संपत्ति में कुल 74 लाख रुपये का इजाफा हुआ है। प्रतिशत में देखें तो यह इजाफा 8.35 का प्रतिशत बनता है।
बदलाव: संपत्ति में 8.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
15 साल से पश्चिम बंगाल की सरकार चला रही ममता बनर्जी देश की दिग्गज नेताओं में गिनी जाती हैं। इस बार वह पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। ममता बनर्जी ने इस बार जो हलफनामा दायर किया है जिसके मुताबिक, उनकी सालाना कमाई लगभग 20 से 25 लाख रुपये के आसपास है। नामांकन दाखिल करते समय ममता बनर्जी के पास 75,700 रुपये कैश, एक बैंक अकाउंट में 12.36 लाख रुपये, दूसरे में 12.76 लाख रुपये और तीसरे बैंक अकाउंट में 40 हजार रुपये थे। उन्होंने कहीं कोई निवेश नहीं कर रखा था।
यह भी पढ़ें: BJP के 'मिशन बंगाल' को किन TMC नेताओं के सहारे मुश्किल बना रहीं हैं ममता बनर्जी?
उनके पास 1.45 लाख रुपये के गहने हैं और इस तरह कुल मिलाकर उनकी चल संपत्ति 15.37 लाख रुपये की बनती है। ममता बनर्जी अविवाहित हैं तो उनके पार्टनर या बच्चों वाला कॉलम खाली ही है। हलफनामे के मुताबिक ममता बनर्जी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है और ना ही उन्होंने कोई कर्ज ले रखा है।
2021 में कितनी थी ममता बनर्जी की संपत्ति?
2021 वाले चुनाव के समय ममता बनर्जी ने अपनी सालाना आय लगभग 10 लाख रुपये दिखाई थी। तब उनके पास 69,225 रुपये कैश थे। तब एक अकाउंट में 12.02 लाख रुपये, दूसरे में 1.51 लाख रुपये और तीसरे अकाउंट में 13.53 लाख रुपये थे। तब ममता बनर्जी ने नेशनल सेविंग स्कीम में 18,490 रुपये जमा करके रखे थे। उस साल TDS से उन्हें 1.85 लाख रुपये की कमाई भी हुई थी। तब उनके पास कुल 43,837 रुपये की कीमत के गहने थे। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 16.72 लाख रुपये थी। ममता बनर्जी के पास तब भी कोई अचल संपत्ति नहीं थी।
इस तरह पांच साल में उनकी संपत्ति की तुलना करें तो उनकी संपत्ति में इजाफा होने के बजाय कमी ही आई है। 2021 में उनकी कुल संपत्ति 16.72 लाख रुपये थी जो अब घटकर 15.37 लाख रुपये ही रह गई है।
बदलाव: संपत्ति में 8% की कमी
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी इस बार भी अपनी थट्टनचावडी विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं। हालांकि, वह इंदिरा नगर विधानसभा के मतदाता है। 75 साल के एन रंगासामी ने अपने हलफनामे में बताया है कि उन्होंने 2024-25 में सिर्फ 1.93 लाख रुपये की कमाई की। रोचक बात है कि इससे पहले के सालों में वह ITR में अपनी सालाना कमाई लगभग 4 से 4.5 लाख रुपये दिखा रहे थे। रंगासामी ने अपनी पत्नी या बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है क्योंकि वह शादीशुदा नहीं हैं। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा भी नहीं है। वह ग्रेजुएशन तक पढ़े हैं और कानून की डिग्री हासिल की है।
यह भी पढ़ें: मतभेद और बगावत से जन्मी नई पार्टी, क्या है पुडुचेरी के CM रंगासामी की कहानी?
कितनी संपत्ति वाले हैं रंगासामी?
चुनावी हलफनामा भरते समय रंगासामी ने बताया कि उनके पास कुल 33,339 रुपये कैश थे। उनके एक बैंक खाते में 49,632 रुपये और दूसरे बैंक खाते में 98,241 रुपये थे। उनके पास दो बाइक, दो कार, एक अंगूठी और एक चेन है। ये सब मिलाकर उनकी कुल संपत्ति 21,25,752 रुपये है। अचल संपत्ति के नाम पर उनके पास एक घर, 8 करोड़ रुपये की एक जमीन और कुछ और इन्वेस्टमेंट है। इस तरह उनके पास कुल 27.78 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। उन पर कुल 35 लाख रुपये का कर्ज भी है। इस तरह एन रंगासामी की कुल संपत्ति लगभग 28 करोड़ रुपये है।
5 साल में कितनी बढ़ी संपत्ति?
अब अगर एन रंगासामी के साल 2021 वाले चुनावी हलफनामे को देखें तो यह पता चला है कि वह तब भी लगभग 4 लाख से ज्यादा की ही आय दिखा रहे थे। उनके खिलाफ तब भी कोई मुकदमा नहीं दर्ज था। तब उनके पास कुल 66 हजार रुपये केश थे और उनके एक बैंक खाते में सिर्फ 5000 रुपये थे। उनके पास तब भी दो यामाहा बाइक और दो कार थीं। इनकी कुल कीमत लगभग 26.22 लाख रुपये थी।
अचल संपत्ति के नाम पर उनके पास कुछ जमीन, घर और निवेश थे। इस तरह उनकी कुल अचल संपत्ति की कीमत लगभग 38.13 करोड़ रुपये बताई थी। तब उनके नाम पर कुल 1.15 करोड़ रुपये का कर्ज था। दोनों ही बार उनकी कमाई का जरिया विधायक के रूप में मिलने वाली सैलरी और कंस्ट्रक्शन का बिजनेस था। उनकी चल और अचल संपत्ति को अगर जोड़ दें तो कुल संपत्ति 38.35 करोड़ रुपये बनती है।
अब अगर इन आंकड़ों को दिखता है कि पुडुचेरी 2021 में रंगासामी की जो संपत्ति 38.35 करोड़ रुपये थी, वह 2026 में बढ़ने के बजाय घटकर 28 करोड़ ही रह गई है।
बदलाव- संपत्ति में 27% की कमी
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन
सीपीएम के दिग्गज नेता पिनराई विजयन लगातार 10 साल से केरल के मुख्यमंत्री हैं और तीसरी बार 82 साल के होने के बावजूद वह इस पद के प्रबल दावेदार हैं। वह इस बार भी अपनी धर्मादम विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ रहे हैं। ITR के मुताबिक, पिनराई विजयन की सालान आया लगभग 5 लाख रुपये से ज्यादा है। उनकी पत्नी की सालाना आय भी लगभग 5 लाख रुपये है।
इस बार नामांकन भरते समय उनके पास 10 हजार रुपये और उनकी पत्नी के पास 5000 रुपये कैश थे। इसके अलावा पिनराई विजयन के एक बैंक खाते में 5.13 लाख रुपये, दूसरे बैंक खाते में 6312 रुपये और तीसरे बैंक खाते में 1.81 लाख रुपये थे। चौथे बैंक खाते में 37.11 लाख रुपये और पांचवे बैंक खाते में 2000 रुपये थे। उनकी पत्नी ने कुल 13 बैंक खातों की जानकारी दी है। पिनराई विजयन और उनकी पत्नी ने शेयर और म्यूचुअल फंड में भी निवेश कर रखा है।
इस तरह पिनराई विजयन ने अपनी चल संपत्ति 45.35 लाख रुपये और अपनी पत्नी की अचल संपत्ति 60.58 लाख रुपये घोषित की है। अचल संपत्ति की बात करें तो पिनराई विजयन के पास 56 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास कुल 36 लाख रुपये की संपत्ति है। इस तरह अगर दोनों की संपत्ति का हिसाब-किताब देखें तो चल और अचल संपत्ति को मिलाकर कुल संपत्ति 1.98 करोड़ रुपये है।
यह भी पढ़ें: नारायण गुरु को सनातन धर्म से अलग क्यों बता रहे पिनरई विजयन? समझिए
2021 में कितनी थी संपत्ति?
साल 2021 के विधानसभा चुनाव में पिनराई विजयन धर्मादम विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। तब वह 77 साल के थे। उस वक्त के हलफनामे के मुताबिक, पिनराई विजयन की सालाना आय लगभग 3 लाख रुपये और उनकी पत्नी की सालाना आय भी लगभग 3 लाख रुपये थी। उनके खिलाफ तब कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं था। नामांकन भरते समय उनके पास 10 हजार रुपये और उनकी पत्नी के पास 2000 रुपये कैश थे।
पिनराई विजयन के एक बैंक खाते में 78048 रुपये और दूसरे खाते में 5400 रुपये थे। उनकी पत्नी के एक बैंक खाते में 5.47 लाख रुपये, दूसरे बैंक खाते में 32664 रुपये, तीसरे बैंक खाते में 3.58 लाख रुपये, 2.5 लाख, 7.6 लाख और 1.86 लाख रुपये की तीन एफडी थीं। इसके अलावा दोनों ने ने म्यूचुअल फंड में भी अच्छा-खासा निवेश कर रखा था। इस तरह पिनराई विजयन ने अपनी कुल चल संपत्ति 2.04 लाख रुपये और अपनी पत्नी की कुल संपत्ति 29.76 लाख रुपये घोषित की थी।
अगर अचल संपत्ति की बात करें तो घर, खेत और अन्य जमीनों को मिलाकर पिनराई विजयन के पास कुल 51.95 लाख और उनकी पत्नी के पास 35 लाख की अचल संपत्ति थी। अगर दोनों की कुल अचल और चल संपत्ति मिलाई जाए तो यह 1.19 करोड़ रुपये बनती है।
बदलाव- 67% की बढ़ोतरी
