दिल्ली में केरल सरकार के विशेष प्रतिनिधि केवी थॉमस ने शनिवार को दावा किया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) राज्य में तीसरी बार सत्ता में लौटेगा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) अंदरूनी कलह के कारण सरकार नहीं बना पाएगा।

 

केवी थॉमस पूर्व कांग्रेसी रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर राजनीति में सौदेबाजी की राजनीति लाने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि यह बात पलक्कड़ में जो हुआ, उससे साफ है। वह बीजेपी नेता शोभा सुरेंद्रन पर वोट के बदले पैसे देने के आरोप का उल्लेख कर रहे थे।

 

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु चुनाव से पहले क्यों गूंज रहा है चंदन तस्कर वीरप्पन का नाम? जानिए

बीजेपी पर लगाया बड़ा आरोप

थॉमस ने एक टीवी चैनल से कहा कि बीजेपी नेता शोन जॉर्ज की इस टिप्पणी में भी उपभोक्तावाद दिखता है कि अगर चर्च बीजेपी की मदद नहीं करेंगे, तो वह भी संभवत: उनकी मदद नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि शोन और उनके पिता पीसी जॉर्ज के बयान उनके असली चरित्र को दिखाते हैं।

 

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के नए 'MGR' हैं थलापति विजय? पलानीस्वामी ने गिनाई न होने की वजहें

'मुखौटा पहनकर भेड़िये की तरह आ रहे'

केवी थॉमस ने आगे कहा, 'वे मुखौटा पहनकर भेड़िये की तरह आ रहे हैं। वे अपने बयानों से चर्च को डराने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन केरल में यह सफल नहीं होगा।' विधानसभा चुनाव के नतीजों के बारे में उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में सत्ता विरोधी लहर नहीं होने के कारण एलडीएफ को तीसरा कार्यकाल मिलेगा।

 

उन्होंने साथ ही कहा कि यूडीएफ सत्ता में नहीं आएगा क्योंकि उसके पास नेतृत्व का अभाव है और उसमें रोजाना अंदरूनी कलह रहेगी। थॉमस ने कहा कि कांग्रेस के भीतर पहले से ही इस बात को लेकर लड़ाई है कि मुख्यमंत्री कौन होगा।