केरल, असम और पुडुचेरी की सभी विधानसभा सीटों पर गुरुवार यानी आज मतदान होगा। सुबह सात बजे से वोट डालने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इन राज्यों में एक ही चरण में मतदान होगा। 9 अप्रैल की सुबह असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर एक साथ मतदान शुरू होगा। तीनों राज्यों में कुल 1849 प्रत्याशियों की किस्मत गुरुवार शाम तक ईवीएम में कैद हो जाएगी। चार मई को नतीजों का ऐलान होगा।
केरल: राज्य की 140 विधानसभा सीटों में कुल 883 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 2.6 करोड़ से अधिक मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे। मुख्य मुकाबला सीपीआई (M) के नेतृत्व वाले एलडीएफ, कांग्रेस के अगुवाई वाले यूडीएफ और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के बीच है। एनडीए के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एलडीएफ की तरफ से मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और कांग्रेस से राहुल गांधी ने कई चुनावी रैली को संबोधित किया। एलडीएफ यानी लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के पास अभी कुल 99 विधायक हैं। वह चुनाव में लगातार जीत हासिल करके तीसरी बार सत्ता में आने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें: 1982 के बाद लेबनान पर इजरायल का सबसे भीषण हमला, कहां गया युद्धविराम?
असम: असम में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। चुनाव प्रचार के आखिर तक दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। प्रदेश में कुल 722 प्रत्याशी मैदान में है। 126 विधानसभा सीटों पर अगले पांच साल कौन विधायक होगा, यह फैसला राज्य के 2.5 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई में एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के प्रयास में है। वहीं बीजेपी को रोकने की खातिर कांग्रेस ने छह दलों के साथ गठबंधन किया है। असम की सभी 31490 पोलिंग बूथों में वेबकास्टिंग की सुविधा दी गई है। वहीं 151132 पोलिंग कर्मियों को तैनात किया गया है।
पुडुचेरी: केरल और असम के साथ ही पुडुचेरी की सभी 30 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को ही मतदान है। यहां कुल 9.44 लाख मतदाताओं में करीब 4.43 लाख पुरुष और 5 लाख महिलाएं व 139 थर्ड जेंडर वोटर्स हैं। यहां कुल 294 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव आयोग ने यहां 1,099 पोलिंग स्टेशनों पर 110 सेक्टर अधिकारियों को तैनात किया गया है। वहीं 209 स्टेशनों को संवेदनशील माना गया है।
यह भी पढ़ें: 'ईरान को हथियार देने वाले देश पर लगाएंगे 50% टैरिफ', ट्रंप की दुनिया को नई धमकी
उपचुनाव: असम, केरल और पुडुचेरी के अलावा कर्नाटक की दो, नगालैंड और त्रिपुरा की एक-एक विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान होगा। गोवा के पोंडा विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री रवि नाइक के निधन खाली हुई सीट पर 9 अप्रैल को मतदान था। हालांकि बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद यहां चुनाव रद्द कर दिया गया है। उधर, नगालैंड की 28-कोरिडांग (एसटी) विधानसभा और त्रिपुरा के धर्मनगर विधानसभा सीट पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वहीं कर्नाटक की बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण सीट पर भी मतदान है। कांग्रेस विधायकों के निधन के बाद से ये सीटें खाली थीं।
बता दें कि 23 अप्रैल को तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर और पश्चिम बंगाल की 152 सीटों मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 29 अप्रैल को बाकी 142 सीटों पर वोटिंग होगी। पांचों राज्यों और उपचुनाव वाली विधानसभा सीटों के नतीजे 4 मई को एक साथ आएंगे।
