बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने अपनी लंबे समय से चर्चा में रहीं साथी गौरी स्प्रैट से शादी कर ली है। दोनों ने रविवार को मुंबई में आमिर के घर पर स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर्ड मैरिज की। शादी बेहद सादगी से हुई, जिसमें सिर्फ परिवार के लोग और करीबी दोस्त शामिल हुए। शादी के कुछ ही घंटों बाद नवविवाहित जोड़े की पहली तस्वीरें भी सामने आईं। इन तस्वीरों में आमिर और गौरी शादी के दस्तावेजों पर साइन करते नजर आ रहे हैं।
आमिर खान की पीआर टीम ने सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीर शेयर की है। तस्वीर में 61 वर्षीय आमिर और 47 वर्षीय गौरी बेहद खुश दिखाई दे रहे हैं। दोनों की यह शादी लंबे समय से चर्चा में रहे उनके रिश्ते को आधिकारिक पहचान देती है। आमिर ने पिछले साल अपने 60वें जन्मदिन पर पहली बार गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था।
यह भी पढ़ें: 'पति ने जर्मन में दिया डिवोर्स, क्लीनर बनने को कहा',- सेलिना जेटली
परिवार और करीबी दोस्तों के बीच हुई शादी
शादी समारोह पूरी तरह निजी रखा गया था। इसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और चुनिंदा करीबी दोस्त शामिल हुए। आमिर के तीनों बच्चे जुनैद खान, आयरा खान और आजाद राव खान इस खास मौके पर मौजूद रहे। वहीं, गौरी स्प्रैट का बेटा भी समारोह का हिस्सा बना। विदेश से आए कुछ रिश्तेदार भी शादी में शामिल हुए। शादी से पहले आयरा और जुनैद को आमिर के पाली हिल स्थित घर पहुंचते देखा गया था।
यह भी पढ़ें: 'सुनील पॉल को 25 लाख कौन देगा...?', समय रैना ने कॉमेडियन की पोल खोल दी
यह शादी समारोह बेहद खास रहा। फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर भी इसमें पहुंचे, जिन्होंने आमिर खान के साथ सुपरहिट फिल्म 'लगान' बनाई थी। उनके अलावा अभिनेत्री एली अवराम, कॉमेडियन और अभिनेता वीर दास, पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे भी इस खुशी के मौके पर शामिल हुए।
आमिर खान तीसरी बार दूल्हा बने
आमिर खान ने तीसरी बार शादी की है। उनकी पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं जुनैद और आयरा। करीब 16 साल साथ रहने के बाद साल 2002 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद आमिर ने साल 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से दूसरी शादी की। दोनों लगभग 16 साल तक साथ रहे लेकिन साल 2021 में अलग होने का फैसला कर लिया। हालांकि, तलाक के बाद भी दोनों अपने बेटे आजाद की परवरिश मिलकर कर रहे हैं। अब गौरी स्प्रैट के साथ शादी करके आमिर खान ने अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है।


