अभिनेत्री कृति सैनन हाल ही में अपने एक नए ऐड की वजह से इंटरनेट पर चर्चा में आ गई हैं। यह एक ज्वैलरी ब्रांड का रक्षाबंधन का ऐड था। इस ऐड में उन्होंने जो पहनावा पहना था, उसको लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं। अब इस मामले पर अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंगना ने इस ऐड के स्टाइल पर खुलकर बात की और कहा कि यह ऐड जानबूझकर बहुत अजीब और डरावना यानी क्रीपी लगता है।
हाल ही में अभिनेत्री कृति सैनन ने एक ज्वैलरी ब्रांड के लिए रक्षाबंधन का ऐड किया था। इस ऐड में उन्होंने एक इंडो-वेस्टर्न पहनावा पहना था। इसमें एक ब्रालेट जैसा स्टाइलिश ब्लाउज, एक केप और नीचे एक ड्रेप्ड स्कर्ट शामिल थी। जब यह ऐड सामने आया तो इसने सबका ध्यान खींचा और कई लोगों ने इस बात पर आपत्ति जताई कि पारंपरिक त्योहार के इस ऐड में कृति सैनन का पहनावा ऐसा क्यों है।
यह भी पढ़ें: राइमा इस्लाम शिमु: मौत के 4 साल बाद अचानक चर्चा में क्यों बांग्लादेशी हिरोइन?
कंगना रनौत की इंस्टाग्राम स्टोरी
सोमवार शाम को कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए कपड़ों की बहुत सारी वैरायटी है और आज की महिला एक ग्लोबल महिला है। हमारे पास कॉकटेल ड्रेस, लहंगा-चोली, जींस, साड़ी, बिकिनी और सलवार-कमीज जैसे अनगिनत विकल्प मौजूद हैं। इसके बाद उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि इतने सारे ऑप्शन होने के बावजूद कोई अपनी बिकिनी या अंडरगारमेंट्स पहनकर भाई को राखी क्यों बांधेगा? उन्होंने पूछा कि आपके सारे स्टाइलिंग ऑप्शन कहां चले जाते हैं? अपनी बात खत्म करते हुए कंगना ने हसंते हुए लिखा कि यह ऐड देखने में जानबूझकर बहुत क्रीपी लगता है।
सोशल मीडिया पर लोगों के सवाल
कंगना के बयान से पहले सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने भी इस ऐड को लेकर सवाल उठाए थे। एक्स पर एक यूजर ने कमेंट करके पूछा कि पूजा की थाली कहां है, आप अपने भाई के सामने ब्रा जैसे कपड़े क्यों पहन रही हैं, क्या यह रक्षाबंधन है और तिलक कहां है? एक दूसरे यूजर ने लिखा कि वह कृति सैनन वाला ऐड जानबूझकर किया गया लगता है और एजेंसी या ब्रांड अच्छे से जानते थे कि वे क्या कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: रोल देने के बहाने घर बुलाकर रेप करने का आरोप, डायरेक्टर शकील नूरानी गिरफ्तार
एक और यूजर ने कृति के कपड़ों पर सवाल उठाते हुए लिखा कि रक्षाबंधन के दिन कोई भी महिला ऐसे कपड़े नहीं पहनती है और @kritisanon आपको इसके लिए शर्म आनी चाहिए। इस ऐड के अलावा अगर बात करें तो कृति सैनन आखिरी बार फिल्म 'कॉकटेल 2' में नजर आई थीं। इस फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना ने भी काम किया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था।
