भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद कंगना रनौत ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ अपने रिश्तों की उड़ रही अफवाहों पर पहली बार खुलकर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में बहुत ही मजाकिया और बेबाक अंदाज में कहा कि वह चिराग को पिछले दस सालों से जानती हैं और अगर उनके बीच वाकई में कोई प्रेम संबंध या रोमांस होता, तो आज के समय में उनके बच्चे भी हो चुके होते। कंगना ने इन खबरों को पूरी तरह से गलत बताते हुए साफ कहा कि उनके बीच सिर्फ अच्छी दोस्ती है और लोगों को हर बात का गलत मतलब नहीं निकालना चाहिए।

 

लोकसभा चुनाव 2024 में जीत दर्ज करने के बाद जब कंगना और चिराग संसद में मिले थे, तो उनकी हंसी-मजाक करती हुई कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। इन तस्वीरों को देखकर फैंस उनके अफेयर के अनुमान लगाने लगे थे। इस पर कंगना ने अपील करते हुए कहा कि कम से कम संसद जैसी जगह पर तो उन्हें बख्श दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि लोग बेवजह उनके पीछे पड़े हैं, जबकि वे सिर्फ पुराने दोस्त के नाते एक-दूसरे से खुशी से मिल रहे थे।

 

यह भी पढ़ें: राहुल बनर्जी की मौत पर बवाल, बंगाली कलाकार हड़ताल पर क्यों गए?

पुराना फिल्मी कनेक्शन

कंगना और चिराग का रिश्ता आज का नहीं बल्कि 15 साल पुराना है। इन दोनों ने साल 2011 में आई फिल्म 'मिले ना मिले' में एक साथ मुख्य भूमिका निभाई थी। दिलचस्प बात यह है कि यह चिराग पासवान की पहली और आखिरी बॉलीवुड फिल्म थी, जिसके फ्लॉप होने के बाद उन्होंने अभिनय छोड़कर राजनीति की राह पकड़ ली थी। इसी फिल्म के सेट से शुरू हुई उनकी जान-पहचान और अब एक गहरी और पक्की दोस्ती बन गई है।

 

कंगना यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर चल रही इन बातों का चिराग पर काफी असर पड़ा है। उन्होंने हंसते हुए बताया कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि चिराग उन्हें देखते ही अक्सर अपना रास्ता बदल लेते हैं। उन्हें शायद इस बात डर सताता है कि अगर वे साथ खड़े होकर बात करेंगे, तो फिर से कोई नई कहानी या वीडियो वायरल हो जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणवी रणदीप हुड्डा ने बेटी का रखा निराला नाम, जानिए ‘न्योमिका’ का मतलब

राजनीति का सफर

चिराग पासवान ने जब बॉलीवुड में कदम रखा था, तब कंगना ही उनकी पहली हीरोइन थीं। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि ये दोनों कलाकार एक दिन संसद में सांसद के तौर पर मिलेंगे। चिराग अक्सर पुराने इंटरव्यूज में भी कह चुके हैं कि फिल्म भले ही न चली हो, लेकिन कंगना जैसी शानदार कलाकार के साथ काम करना उनके लिए एक अच्छा अनुभव था। आज राजनीति में भी दोनों का एक-दूसरे के प्रति सम्मान बरकरार है।