‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ सीजन में महाराष्ट्र के वाशिम के रहने वाले विशाल प्रेमचंद राठौड़ इन दिनों चर्चा में हैं। विशाल दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते हैं और जब काम मिलता है तो करीब 500 से 600 रुपये रोज कमाते हैं। कई बार ऐसा भी होता है कि उन्हें और उनके पिता को काम नहीं मिलता और दोनों को खाली हाथ घर लौटना पड़ता है। KBC में पहुंचने के बाद विशाल ने अपनी जिंदगी और परिवार की परेशानियों के बारे में बताया।
विशाल की मां भी सफाई का काम करती हैं। परिवार को हर महीने करीब 7 हजार रुपये किराया देना पड़ता है। इसके बावजूद विशाल पिछले तीन साल से महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग यानी MPSC की परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। पैसे की कमी के कारण कई बार वह परीक्षा का फॉर्म और किताबें तक नहीं खरीद पाते। विशाल ने बताया कि वह एक अच्छी नौकरी करना चाहते हैं लेकिन नौकरी ढूंढते समय कई जगह उनसे अनुभव और जान-पहचान के बारे में पूछा गया।
यह भी पढ़ें: क्या सच में करीना प्रेगनेंट है? ननद सबा पटौदी ने इंस्टा पोस्ट पर बता दिया
पिता ने हाथ जोड़कर मांगी नौकरी
KBC के दौरान विशाल के पिता अपने बेटे की नौकरी की बात करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने अमिताभ बच्चन के सामने हाथ जोड़कर लोगों से अपने बेटे के लिए नौकरी दिलाने की अपील की। वह रोते हुए कह रहे थे कि अगर उनके बेटे को कोई छोटी-मोटी नौकरी भी मिल जाए तो परिवार को काफी सहारा मिल जाएगा। बेटे को रोज दिहाड़ी का काम ढूंढते देखना उनके लिए काफी मुश्किल है।
क्या था परिवार का रिएक्शन?
पिता की बात सुनकर विशाल भी भावुक हो गए और सिर झुकाकर बैठे रहे। इसी दौरान उनकी मां और दोनों बहनें भी रोने लगीं। वहां मौजूद दूसरे लोग भी इस पूरे पल को देखकर भावुक हो गए और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। अमिताभ बच्चन ने भी विशाल के पिता की बात सुनकर दर्शकों से अपील की कि अगर कोई उनके बेटे को नौकरी दिलाने में मदद कर सकता है तो जरूर करे।
यह भी पढ़ें: 'जन गण मन राष्ट्रगान नहीं, एलिजाबेथ के लिए लिखा गया', मुकेश खन्ना ने किया दावा
'मजबूरी है इसलिए मजदूरी है'
विशाल ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, 'मजबूरी है इसलिए मजदूरी है।' उन्होंने बताया कि वह रोज दिहाड़ी का काम ढूंढने के बजाय एक ऐसी नौकरी करना चाहते हैं जिससे उनके परिवार की हालत बेहतर हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता की उम्र 56 साल और मां की उम्र 48 साल है। वह चाहते हैं कि उनके माता-पिता को आगे की जिंदगी में थोड़ी राहत मिले।
KBC में विशाल ने अपनी समझ के दम पर कई सवालों के सही जवाब दिए। उन्होंने पहले 5 लाख रुपये जीते और इसके बाद 25 लाख रुपये तक पहुंचे। 50 लाख रुपये के सवाल पर उनके पास कोई लाइफलाइन नहीं बची थी। जवाब को लेकर पूरी तरह भरोसा नहीं होने पर उन्होंने गेम छोड़ने का फैसला किया और 25 लाख रुपये अपने नाम किए।
