बॉलीवुड एक्ट्रेस कीर्ति कुल्हारी को सोशल मीडिया पर लोग बहुत भला-बुरा कह रहे हैं। दरअसल उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि उनके नए घर में एक कामवाली ने दो घंटे के काम के लिए 10,000 रुपये महीना मांगा जिस पर कीर्ति हैरान हो गईं। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स से लेकर बड़े-बड़े कलाकारों ने कीर्ति की इस बात का विरोध किया। लोगों का कहना है कि मुंबई जैसे शहर में महंगाई और काम को देखते हुए यह पैसे बिल्कुल सही हैं बल्कि कुछ लोगों ने तो इसे कम भी बताया।कीर्ति कुल्हारी ने हाल ही में मुंबई के यारी रोड इलाके में एक नया घर लिया है। हाल ही के एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपने नए घर के लिए खाना बनाने वाली कुक और कामवाली मेड से काम के रेट पूछे तो वह हैरान रह गई।
कीर्ति ने कहा कि वह इस बारे में अपने मैनेजर से भी बात कर रही थीं कि ये रेट किस हिसाब से मांगे जा रहे हैं। कीर्ति ने बताया कि उन्हें रोज सिर्फ दो घंटे के काम के लिए कामवाली चाहिए थी। वह चाहती थीं कि उन दो घंटों में झाड़ू, पोछा, बर्तन के साथ-साथ डस्टिंग, कपड़े धोना और घर का जो भी काम हो सके वह सब कामवाली कर दे। इसके बदले में उस कामवाली ने 10,000 रुपये महीने की मांग की।
यह भी पढ़ें: 'अपने मां-बाप को जज बनाकर दिखाओ...', सुनील पाल ने समय रैना को दिया चैलेंज
इस पर कीर्ति ने इंटरव्यू में कहा कि आप सिर्फ दो घंटे आ रही हैं और अपने हिसाब से जितना काम होता है उतना कर रही हैं तो फिर किस बात के 10,000 रुपये लिए जा रहे हैं। कीर्ति ने आगे कहा कि उस समय उन्हें और उनके मैनेजर को लगा कि क्या ये लोग हमारा चेहरा देखकर ऐसा कर रहे हैं कि ये तो सेलिब्रिटी हैं इनके पास बहुत पैसे होंगे तो थोड़ा और ज्यादा मांग लेते हैं?
सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा
यह वीडियो अनकट इंडिया नाम के पेज द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ इंटरनेट पर लोगों ने इस बातचीत के तरीके पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स ने कहा कि शहरों में काम करने वाले लोग बढ़ती हुई महंगाई और काम के बढ़ते बोझ के कारण अक्सर इतनी या इससे भी ज्यादा सैलरी मांगते हैं। कॉमेडियन विवेक समतानी ने भी इस बात पर लिखा कि यह रकम मुश्किल से 2 डॉलर प्रति घंटा बैठती है और क्या यह भी बहुत ज्यादा है?
यह भी पढ़ें: तृषा कृष्णन की फिल्म, CM विजय ने स्पेशल परमिशन दी, फिर भी नहीं हो पाई स्क्रीनिंग
मिनी माथुर ने क्या कहा?
यह बात तब और बड़ी हो गई जब मशहूर एक्ट्रेस और टीवी होस्ट मिनी माथुर ने भी इस वीडियो पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हमें यह सोचना चाहिए कि जब कामवाली हमारे घर का काम करके हमारा समय बचाती है तभी हम उस बचे हुए समय में अपने काम पर जाकर पैसे कमा पाते हैं। मिनी माथुर ने आगे लिखा कि दुनिया के बाकी देशों के हिसाब से देखा जाए तो मुंबई जैसे महंगे शहर में इतने सारे काम के लिए 10,000 रुपये महीना मांगना सरकार द्वारा तय की गई कम से कम मजदूरी से भी बहुत कम है।
