दक्षिण चीन में बाढ़ और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा रखी है। अब तक 39 लोगों की जान जा चुकी है। व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच ग्वांग्शी इलाके में पानी में बहकर आए 900 सांपों ने पूरे इलाके में खौफ भर दिया है। चीनी मीडिया के मुताबिक कई टीमों को तैनात किया गया है। यह टीमें सांपों को पकड़ने में जुटी हैं। इनमें कोबरा समेत कई विषैली प्रजातियां शामिल हैं। सांप काटने की वजह से एक महिला की जान भी गई है।
सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हैं। इन वीडियो में दिख रहा है कि सांप बड़ी संख्या में पानी बहते जा रहे हैं। कुछ लोग इन्हें पकड़ने का प्रयास भी करते हैं। हालांकि सांपों की इतनी बड़ी संख्या से स्थानीय लोगों में भय व्याप्त हो गया है।
यह भी पढ़ें: लोन ऐप बनाकर 200 करोड़ डकारा सॉफ्टवेयर इंजीनियर, ब्लैकमेल कर 5 लाख लोगों को ठगा
चीन की सरकारी मीडिया सीसीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक ग्वांग्शी में सांप प्रजनन केंद्र है। भारी बारिश के कारण यहां से बड़ी संख्या में सांप पानी के साथ बह गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक प्रजनन केंद्र से कुल 900 सांप गायब हैं।
फार्म से 900 सांप गायब
ग्लोबल टाइम्स ने बताया कि हेंगझोउ शहर के पास स्थित डेंगवेई गांव में एक सांप फार्म बाढ़ में तबाह हो गया। इसके बाद वहां से लगभग 900 जहरीले सांप पानी में भाग निकले। कुछ लोगों को सांप काटने की भी खबर है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सावधान रहने की अपील की है। बता दें कि चीन का ग्वांग्शी इलाका टाइफून मेसाक से भीषण प्रभावित है। गांव और कस्बों में पानी भर चुका है। एक लाख 30 हजार लोगों को अब तक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। छह लोगों की मौत की खबर है। एक चिड़ियाघर से 100 जानवरों के भी भाग जाने की खबर है।
यह भी पढ़ें: ट्रेन की पटरी के ऊपर से काट ले गए बिजली का तार, 3 घंटे ठप रहा पटना-गया रूट
कब की यह घटना?
अधिकारियों का कहना है कि यह घटना 6 जुलाई की है। लापता सापों में अधिकांश जहरीले नहीं है। चीन के ग्वांग्शी प्रांत में सांपों का व्यावसायिक पालन होता है। यहां लगभग 30 मिलियन सांपों को तैयार किया जाता है। इलाके में मुख्य तौर पर कोबरा, किंग रैट स्नेक और पानी वाले सांपों का पालन होता है। इनमें से कोबरा ही एक विषैली प्रजाति है।
लोग खुद सांप पकड़ने में जुटे
आसपास के ग्रामीणों ने मिलकर एक अपनी टीम बनाई है। यह टीम खुद पानी में घुसकर सांपो को पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि अधिकांश सांप पानी में बह गए हैं, लेकिन कुछ कचरे और जमा पानी पर बचे हैं। स्थानीय लोग मछली पकड़ने वाले औजार से सांपों को पड़कने में जुटे हैं।
