अमेरिका में भारतीय नर्स पर हमला हुआ है। फ्लोरिडा के पाम वेस्ट हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज ने 67 साल की भारतीय नर्स पर हमला कर दिया है। इस हमले में नर्स को कई गंभीर चोटें आई हैं।
आरोपी गिरफ्तार
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय मूल की नर्स लीलम्मा लाल पर साइकियाट्रिक मरीज ने हमला कर दिया। इस हमले में लीलम्मा के चेहरे पर कई गंभीर चोटें आई हैं। नर्स पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने 33 साल के स्टीफन स्कैंटलबरी को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर हेट क्राइम और हत्या की कोशिश का आरोप लगा है।
यह भी पढ़ें-- ट्रंप अगर NATO से बाहर हुए तो दुनिया पर क्या होगा असर?
मानसिक रोगी है आरोपी
पुलिस ने बताया कि नर्स पर हमला करने वाला आरोपी स्कैंटलबरी मानसिक रोगी है। फ्लोरिडा के कानून के तहत, उसे इलाज के लिए ही अस्पताल में भर्ती किया गया था।
'बुरे होते हैं भारतीय'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कैंटलबरी ने भारतीय नर्स पर हमला तब किया जब वो उसका इलाज कर रही थीं। इलाज के दौरान ही स्कैंटलबरी ने लीलम्मा के चेहरे पर एक के बाद एक कई मुक्के मारे। इससे उनके चेहरे की लगभग सभी हड्डियां टूट गईं।
स्कैंटलबरी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा, 'भारतीय बुरे होते हैं। मैंने अभी-अभी एक भारतीय डॉक्टर की पिटाई की है।'
पुलिस ने स्कैंटलबरी पर हेट क्राइम का आरोप भी लगाया है। अगर वह दोषी साबित होता है तो उसे लंबी सजा हो सकती है। पाल बीच काउंटी के शेरिफ ने बताया कि हेट क्राइम में आरोप में अगर वह दोषी साबित होता है तो उसे कठोर से कठोर सजा हो सकती है।
यह भी पढ़ें-- यूक्रेन और अमेरिका के अचानक तल्ख हुए रिश्ते की पूरी कहानी
कैसी है लीलम्मा की हालत?
लीलम्मा की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। लीलम्मा अभी सेंट मैरी मेडिकल सेंटर के ICU में भर्ती हैं। डॉक्टरों का कहना है कि चेहरे पर गंभीर चोटें आने के कारण उनकी आंखों की रोशनी जाने का भी खतरा है।