खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार शाम को दुबई, अबू धाबी, दोहा और मनामा में धमाकों की आवाज सुनी गई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। इंटरनेशनल एजेंसियों के मुताबिक, ईरान ने अपने सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है, जिससे इस क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं।
कई रिपोर्ट्स में UAE डिफेंस मिनिस्ट्री के हवाले से कहा गया है कि ईरान ने 137 मिसाइलें और 209 ड्रोन दागे हैं। हमलों के बाद दुबई और अबू धाबी समेत कई खास जगहों को हाई अलर्ट पर रखा गया।
यह भी पढ़ें: 15 भारतीयों वाले टैंकर पर हमला, ओमान पर भी ईरान ने शुरू की बमबारी
निशाने पर पाम जुमेराह और बुर्ज अल अरब
इस हमले का असर दुबई की पहचान माने जाने वाले टूरिस्ट जगहों पर भी देखने को मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लग्जरी होटल बुर्ज अल अरब और शानदार पाम जुमेराह इलाके के पास धुएं के बादल देखे गए। अधिकारियों ने कन्फर्म किया है कि पाम जुमेराह की एक बिल्डिंग में आग लग गई थी, जिसे बुझा दिया गया है लेकिन इस घटना में चार लोग घायल हो गए हैं।
इस बीच दुनिया के सबसे बिजी एयरपोर्ट में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक टर्मिनल को थोड़ा नुकसान पहुंचा है। दूसरी ओर अबू धाबी एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और सात लोग घायल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: तेहरान के दिल पर हमला, 1200 बम गिराए; इजरायल ने जारी किया सबसे भयानक वीडियो
पूर्व भारतीय MLA ने PM मोदी से लगाई गुहार
दुबई में फंसे पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने एक वीडियो जारी कर वहां के हालात को बेहद गंभीर बताया है। वीडियो में उनके पीछे धुआं और आग उठती दिखाई दे रही है। वह कह रहे हैं कि शहर में लगातार बम गिर रहे हैं और हालात बिल्कुल भी सामान्य नहीं हैं।
संजय शुक्ला का कहना है कि दुबई में बम धमाके हो रहे हैं और एयरपोर्ट पर भी हमला किया गया है। जान खतरे में है और वहां मौजूद अन्य भारतीयों की जान भी सुरक्षित नहीं है। अपने वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मदद की गुहार लगाई है। शुक्ला ने अपील की है कि दुबई में फंसे सभी भारतीयों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
यह भी पढ़ें: UAE से ओमान तक, खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने कहां-कहां किया हमला?
इमरजेंसी में क्या करें भारतीय?
UAE के गृह मंत्रालय ने नागरिकों और पर्यटकों को किसी भी इमरजेंसी में 999 पर संपर्क करने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से सरकारी निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने का अनुरोध किया है। भारतीय दूतावास ने भी मदद के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 800 46342 जारी की है।
