हंतावायरस ने दुनियाभर में हड़कंप मचा दिया है। ब्रिटेन से जर्मनी और अफ्रीका तक संक्रमित लोगों के संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है। अब खबर आ रही है कि जिस क्रूज जहाज एमवी होंडियस पर हंतावायरस फैला है, उस पर दो भारतीय नागरिक भी सवार थे। अभी तक की जांच में उनमें कोई लक्षण नहीं मिले है। दोनों स्वस्थ्य हैं।

 

स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने एक बयान में बताया कि दोनों भारतीय नागरिक हंतावायरस से जुड़े जहाज पर चालक दल के सदस्य के तौर पर सवार थे। उन्हें नीदरलैंड ले जाया गया है और स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत क्वारंटाइन रखा जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: जिस क्रूज में फैला हंतावायरस, उसके यात्री कहां हैं, इस भविष्यवाणी की चर्चा क्यों

 

विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक यह क्रूज कैनरी द्वीप की तरफ बढ़ रहा है। अभी तक आठ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। 11 अप्रैल से अब तक जर्मनी की एक महिला और नीदरलैंड के दंपती की जान जा चुकी है। जर्मन महिला का शव अभी क्रूज पर ही है। वहीं पांच अन्य यात्रियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

क्रूज तक कैसे पहुंचा हंतावायरस?

जहाज से उतरने वाले दो लोगों ने ब्रिटेन में खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। इसके अलावा एक ब्रिटिश पुलिस अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। वहीं मृत जर्मन महिला के संपर्क में आने वाली एक महिला में भी हंतावायरस के लक्षण मिले है। उसका नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम में इलाज चल रहा है। एक शख्स का दक्षिण अफ्रीका और एक का स्विट्जरलैंड के अस्पताल में इलाज चल रहा है। तीन अन्य लोगों का नीदरलैंड में इलाज चल रहा है। 

 

WHO प्रमुख डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने बताया कि नीदरलैंड के जिन दंपती ने अपनी जान गंवाई है, वह पक्षियों का अवलोकन करने उरुग्वे, चिली और अर्जेंटीना गए थे। दोनों ने उन इलाकों का भी दौरा किया, जहां हंतावायरस को फैलाने वाली चूहों की प्रजाति पाई जाती है। अब आशंका जताई जा रही है कि हंतावायरस इसी दंपती से क्रूज तक पहुंचा है। 

 

यह भी पढ़ें: गहरी हो रही UAE और इजरायल की दोस्ती, सऊदी अरब क्यों परेशान?

संक्रमित जहाज से उतारा यूट्यूबर, शादी में पहुंचा तो बवाल मचा

तुर्की के प्रसिद्ध यूट्यूबर रुही सेनेट भी विवादों में आ चुके हैं। खबरों के मुताबिक रुही भी एमवी होंडियस क्रूज पर सवार था। करीब 24 दिन जहाज पर ही बिताए और 12 अप्रैल को अपनी यात्रा खत्म की। एक दिन पहले ही यानी 11 अप्रैल को नीदरलैंड की दंपती की मौत हुई थी। अब तीन हफ्ते बाद यूट्यूबर रुही सेनेट के शादी समारोह में शामिल होने के बाद तुर्की में आक्रोश फैल गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रुही अपने गृह शहर इस्तांबुल में आयोजित एक शादी समारोह में पहुंचा था।