संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रस अल खैमाह में बस और ट्रक की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इस दुर्घटना में कितने भारतीय मारे गए या घायल हुए हैं। दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को बताया कि उसने इस हादसे में मारे गए भारतीय नागरिकों के परिवारों से संपर्क किया है।
इस भीषण हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव मदद और सहायता उपलब्ध कराने के लिए समन्वय कर रहा है, जबकि हादसे के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA और ODNI के सिस्टम पर साइबर अटैक
बस में सवार थे 40 से ज्यादा लोग
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस में 41 लोग सवार थे। बस की सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टक्कर हो गई। ट्रक में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे सड़क किनारे रोक दिया गया था। इस हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।
इस हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बता दें कि अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की राष्ट्रीयता की पूरी जानकारी जारी नहीं की है और भारतीय नागरिकों के हताहत होने की संख्या भी स्पष्ट नहीं की गई है।
13 लोगों की गई जान, कई घायल
मंगलवार को रास अल खैमाह में अल वतन रोड पर हुए इस यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई है। शुरुआत में हादसे में 11 लोगों की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान दो और लोगों की जान चली गई। मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इसके अलावा, इस हादसे में 14 लोग घायल भी हुए हैं।
