logo

मूड

ट्रेंडिंग:

NAMASTE योजना के 3 साल बाद भी सीवर में मौतें, क्या रोबोट खत्म करेंगे मजबूरी?

सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा लंबे समय से एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। पिछले 5 सालों में सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई की वजह से 317 सफाईकर्मियों की जान चली गई। पढ़ें रिपोर्ट

सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit-ChatGPT

सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit-ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

देश में सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा लंबे समय से एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। सफाईकर्मियों को जहरीली गैस, गंदे पानी और ऑक्सीजन की कमी के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर यह काम करना पड़ता है। स्थिति यह है कि पिछले 5 सालों में सीवर और सेप्टिक टैंक की खतरनाक सफाई की वजह से 317 सफाई कर्मचारियों की जान चली गई है।

 

हाल की घटना की बात करें तो 24 नवंबर 2026 को तेलंगाना के मेड़चल-मलकाजगिरी जिले के बचुपल्ली इलाके में अपार्टमेंट के सेप्टिक टैंक में सफाई करने उतरे 3 सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टैंक के अंदर जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनका दम घुट गया। 

 

वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार ने 23 नवंबर 2026 को एक सफाईकर्मी की कहानी साझा की, जिसने नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम (NAMASTE) योजना के तहत प्रशिक्षण लेकर सीवर में सफाई करने के बजाय बैंडिकूट (Bandicoot) रोबोट चलाने का काम शुरू किया है। केंद्र सरकार पिछले कई सालों से सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई को मशीनीकृत करने पर जोर दे रही है, ताकि सफाईकर्मियों को गंदगी के बीच खुद न उतरना पड़े और उन्हें अपनी जान न गंवानी पड़े। 

 

यह भी पढ़ें: 2 बार डूबने से बची, फिर बंद होने के कगार पर SpiceJet, क्यों हो रहा यह हाल?

क्या है NAMASTE योजना, क्यों हुई शुरू? 

NAMASTE योजना को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने मिलकर जुलाई 2023 में शुरू किया था। यह वित्त वर्ष 2023-24 से लागू है। इसका मकसद सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान होने वाली मौतों को शून्य करना है। इसके लिए सरकार सफाईकर्मियों की पहचान, ट्रेनिंग, स्वास्थ्य बीमा और मशीनों की खरीद में आर्थिक मदद देती है।  

 

इस योजना का मकसद है सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई में इंसानों के सीधे उतरने की जरूरत खत्म करना। सफाईकर्मियों को मशीनों से काम करने का प्रशिक्षण देना, उनके लिए सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य बीमा का लाभ देना, मशीनों और वाहनों की खरीद के लिए आर्थिक सहायता देना,  सुरक्षित रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। 

क्या बताते हैं आंकड़े?

इस योजना का मकसद ही था सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान होने वाली मौतों को शून्य करना। 2023-24 में शुरू की गई इस योजना तहत देशभर में 90,942 सीवर और सेप्टिक टैंक कर्मचारियों की पहचान की गई, जिनमें से 89,248 का सत्यापन किया गया। इनमें से 87,037 कर्मचारियों को सुरक्षा किट (PPE Kit) दी गई, 76,247 को स्वास्थ्य बीमा के दायरे में लाया गया और 983 सफाईकर्मियों को 364 सफाई वाहन खरीदने के लिए 34.17 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई। इसके अलावा, खतरनाक सफाई रोकने के लिए 1,562 जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गईं।

 

 

इससे होने वाली मौतों की बात करें तो 21 जुलाई 2026 को लोकसभा में सरकार ने बताया कि 1 जनवरी 2021 से 30 जून 2026 के बीच सीवर और सेप्टिक टैंक की खतरनाक सफाई के दौरान 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 332 सफाईकर्मियों की मौत हुई। इन मामलों में पिछले पांच साल के दौरान 193 FIR दर्ज की गईं। हालांकि सरकार ने यह भी बताया कि राज्यों में मशीनों से सीवर की सफाई कितनी हो रही है, इसकी अलग से जांच नहीं की गई है। इस योजना में 2024 से कचरा बीनने वाले लोगों को भी शामिल किया गया है।

सीवर की सफाई करता एक सफाईकर्मी। (फाइल फोटो)

सीवर की सफाई करता एक सफाईकर्मी। (फाइल फोटो: PTI)

क्या रोबोट खत्म करेगा मजबूरी, भारत की स्थिति क्या है?

23 नवंबर 2026 को केंद्र सरकार ने एक सफाईकर्मी की स्टोरी शेयर की, करीब 15 साल तक सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले मैसूर के 41 वर्षीय एक सफाईकर्मी ने अब अपना काम करने का तरीका बदला है। वह पहले गंदगी और जहरीली गैसों के बीच खुद सीवर में उतरकर सफाई करते थे लेकिन अब बैंडिकूट रोबोट चलाते हैं। बैंडिकूट रोबोट के बारे में बात करें तो यह मैनहोल और सीवर की सफाई के लिए इंसानों के भीतर उतरने की जरूरत को खत्म करता है। 

 

सवाल है कि क्या रोबोट देश में सीवर में उतरने की मजबूरी खत्म कर पाएंगे? पिछले 5 साल में सीवर और सेप्टिक टैंक की खतरनाक सफाई के दौरान हुई 332 कर्मचारियों की मौतें हुई हैं। ऐसे में साफ है कि यह समस्या अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। हालांकि, सरकार इस समस्या से निपटने के लिए NAMASTE योजना के तहत सफाई के काम के लिए मशीनों के इस्तेमाल करने पर जोर दे रही है। 

बैंडिकूट सीवर सफाई रोबोट
बैंडिकूट सीवर सफाई रोबोट

सरकार का कहना है कि राज्यों में सीवर की कितनी सफाई मशीनों से हो रही है, इसका अलग से आकलन नहीं किया गया है। यानी कितने सीवर और सेप्टिक टैंकों की सफाई वास्तव में रोबोट या दूसरी मशीनों से हो रही है, यानी देश में कितने सीवर और सेप्टिक टैंकों की सफाई मशीनों या रोबोट से हो रही है, इसकी पक्की जानकारी सरकार के पास उपलब्ध ही नहीं है।

 

एक और बात समझना जरूरी है कि हर तरह की सीवर सफाई के लिए एक ही रोबोट इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। अगस्त 2023 में संसद में सरकार ने बताया था कि ऐसे रोबोट का इस्तेमाल मुख्य रूप से मैनहोल के निचले हिस्से में जमा गाद और कचरा हटाने के लिए होता है। कुछ जगहों पर इसके बजाय कम खर्च वाली दूसरी मशीनें भी इस्तेमाल की जा सकती है।

कानून भी बना, सुप्रीम कोर्ट ने दिए थे सख्त निर्देश

सफाईकर्मियों की सुरक्षा के लिए 'हाथ से मैला उठाने वालों के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013' (PEMSR Act, 2013) बनाया गया था। इसकी धारा 7 के तहत किसी भी व्यक्ति, स्थानीय निकाय या एजेंसी को सीवर और सेप्टिक टैंक की खतरनाक सफाई के लिए किसी कर्मचारी को सीधे या ठेकेदार के माध्यम से काम पर लगाने की मनाही है।

 

इसके मुताबिक अगर नियोक्ता कर्मचारी को सुरक्षा उपकरण, सफाई के जरूरी सामान और तय सुरक्षा इंतजाम उपलब्ध नहीं कराता और उससे हाथ से सफाई कराता है, तो इसे खतरनाक सफाई माना जाता है।

 

2013 के नियमों के तहत मालिक की जिम्मेदारी है कि सफाईकर्मियों को सुरक्षा उपकरण, जरूरी मशीनें और सुरक्षित कामकाज की व्यवस्था दे। कानून की धारा 33 स्थानीय निकायों और संबंधित एजेंसियों के लिए सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई में ऐसी तकनीक इस्तेमाल करना जरूरी बताती है, जिससे इंसानों को हाथ से गंदगी साफ न करनी पड़े। 

 

इस कड़ी में 20 अक्टूबर 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने डॉ. बलराम सिंह बनाम भारत सरकार मामले में अहम निर्देश दिए थे। कोर्ट ने कहा था कि सीवर की सफाई के लिए किसी भी व्यक्ति को सीवर के अंदर उतरने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। उस समय केंद्र और राज्य सरकारों को सीवर की सफाई का काम चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह मशीनीकृत करने के निर्देश दिए गए थे।

दुनिया में तकनीक कितनी आगे?

वैसे तो किसी एक देश को सीवर सफाई में नंबर-1 कहने का कोई ऐसा पैमाना तो नहीं है लेकिन जापान और सिंगापुर जैसे देश बेहतर तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन देशों के उदाहरण बताते हैं कि मशीनों और रोबोट की मदद से खतरनाक जगहों पर इंसानों के जाने की जरूरत कैसे कम की जा सकती है।

 

जापान की बात करें तो यहां सीवर की सफाई और जांच के लिए रोबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। टोक्यो ने ऐसा बिना ड्राइवर वाला सफाई रोबोट तैयार किया है, जो सीवर के अंदर जमा मिट्टी और गाद को हटाता है। यह रोबोट पानी की तेज धार से गाद को ढीला कर देता है और फिर उसे मशीन के जरिए बाहर निकाला जाता है। इसकी मदद से उन जगहों पर भी

सफाई की जा सकती है, जहां इंसानों का जाना खतरनाक माना जाता है।  

 

बात करें सिंगापुर की तो यहां सीवर की जांच के लिए कैमरे, ड्रोन और रोबोटिक तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है। सिंगापुर की राष्ट्रीय जल एजेंसी PUB ने ऐसे ड्रोन तैनात किए हैं, जो बंद नालों के अंदर जाकर बिना इंसान के प्रवेश के उन पर नजर रख सकते हैं।  अप्रैल 2026 में सिंगापुर यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड डिजाइन ने एक छोटा रोबोट पेश किया, जो संकरी सीवर पाइपलाइन में 120 मीटर तक जाकर लाइव तस्वीरें भेज सकता है। 

 

इसके अलावा, सिंगापुर में सीवर और पानी की टंकियों की सफाई के लिए भी रोबोटिक सिस्टम विकसित करने पर काम हो रहा है, ताकि कर्मचारियों को जहरीली गैस और कम ऑक्सीजन वाली जगहों में न जाना पड़े। भारत में भी बैंडिकूट जैसे रोबोट  हैं, लेकिन इन्हें बड़े स्तर पर इस्तेमाल करना और सफाईकर्मियों को इनका ट्रेनिंग देना अभी अहम चुनौती है।

Related Topic:#Central Government

और पढ़ें