आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चिप सेक्टर की दुनिया के दिग्गज उद्योगपति और एनवीडिया (Nvidia) के सह-संस्थापक और सीईओ जेनसन हुआंग का अफेयर का मामला सुर्खियों में है। इसमें एलिस हुआंग का नाम सामने आया है, दावा है कि एलिस हुआंग वास्तव में चीनी खुफिया एजेंसी की एक इंटेलिजेंस एसेट थीं। अब एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग ने संदिग्ध चीनी जासूस के साथ अपने अफेयर की बात स्वीकार कर ली है।  

 

जेन्सेन हुआंग ने रविवार को Nvidia के कर्मचारियों को ईमेल भेजकर स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की है। उनकी शादी को 41 साल हो चुके हैं। उन्होंने अपने परिवार और बच्चों को पहुंची तकलीफ के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनके इस कदम का कोई बहाना नहीं हो सकता।

 

जेन्सन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों, बोर्ड, साझेदारों और शेयरधारकों से भी माफी मांगी। हुआंग ने माना कि वह अपनी जिम्मेदारियों और लोगों के भरोसे पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने कंपनी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए भरोसा दोबारा हासिल करने की बात कही है।

 

यह भी पढ़ें: 'मैंने अपनी पत्नी को धोखा दिया..', Nvidia CEO जेन्सन हुआंग ने अफेयर की बात कबूली

कौन हैं एलिस हुआंग?   

एलिस हुआंग (Alice Huang) चीन की एक कारोबारी और टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव हैं। उनका नाम Nvidia के CEO जेनसन हुआंग के साथ कथित अफेयर, चीन की जासूसी और 4.8 अरब डॉलर के AI चिप कारोबार से जुड़े विवाद में सामने आया है। एलिस को हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है। जेनसन हुआंग और एलिस का सरनेम एक जैसा है, लेकिन दोनों के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है। वह चीनी नागरिक हैं और सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड में बड़े पद पर काम कर चुकी हैं।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलिस हुआंग ने हुनान टीवी और चीन के सरकारी प्रसारण संस्थान CCTV में पत्रकार के तौर पर काम किया। इसके बाद HSBC के प्राइवेट बैंकिंग डिवीजन में काम किया। वह CITIC Securities में उपाध्यक्ष भी रहीं। बाद में उनका नाम शंघाई की निवेश कंपनी से जुड़ा। वह सिंगापुर की टेक्नोलॉजी कंपनी मेगास्पीडमें मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर भी रहीं। उनके शुरुआती करियर से जुड़े कुछ दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।  

जेनसन हुआंग से कैसे जुड़ा नाम?

जून 2024 में एलिस हुआंग ताइपे के एक बार में जेनसन हुआंग के साथ बैठी दिखाई दी थीं। वहां Gigabyte और NetThunder के अधिकारी भी मौजूद थे। मई 2025 में भी वह ताइपे के एक रेस्टोरेंट के बाहर जेनसन के साथ नजर आईं। 'न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन ने Nvidia के बोर्ड के सामने एलिस के साथ अपने संबंधों की बात स्वीकार की थी। बाद में उन्होंने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात भी कबूल की है। 

चीन के लिए जासूसी का क्या आरोप है?

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) ने एलिस हुआंग को जेनसन से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए भर्ती किया था। आरोप है कि वह Nvidia की चीन संबंधी कारोबारी रणनीति के बारे में जानकारी बीजिंग तक पहुंचा रही थीं।

 

उनसे जुड़ी कंपनी मेगास्पीड की मलेशियाई सहयोगी कंपनी ने जून 2024 से फरवरी 2026 के बीच कम से कम 4.8 अरब डॉलर के Nvidia चिप वाले AI उपकरण खरीदे थे। अमेरिकी एजेंसियों को शक था कि इनमें से कुछ उपकरण चीन पहुंचाए गए हो सकते हैं। 

 

एलिस हुआंग पर जासूसी के आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं। चीन ने इन आरोपों को खारिज किया है। इसके अलावा, Nvidia के बोर्ड ने भी जेनसन हुआंग को निशाना बनाए जाने की खबरों की स्वतंत्र जांच शुरू की है। बोर्ड ने कहा है कि फिलहाल उसके पास कंपनी के गोपनीय डेटा या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी के लीक होने का कोई सबूत नहीं है।