आजकल छोटे बच्चे भी मोबाइल फोन का खूब इस्तेमाल करने लगे हैं। पढ़ाई से लेकर गेम खेलने और वीडियो देखने तक ज्यादातर उनकी नजर मोबाइल स्क्रीन पर ही रहती है। ऐसे में सभी लोगों के मन में बस यही सवाल आता है कि बच्चों को मोबाईल फोन से कैसे दूर करा जाए। बच्चों का फोन इस्तेमाल पूरी तरह बंद करना जरूरी नहीं है बल्कि उसे सही तरीके से कंट्रोल करना ज्यादा जरूरी है। अगर शुरुआत से ही कुछ आसान नियम बनाए जाएं और परिवार भी उनका पालन करे तो बच्चे धीरे-धीरे मोबाइल का इस्तेमाल कम करना सीख जाएंगे।
जरूरत से ज्यादा फोन इस्तेमाल करने की वजह से बच्चों की पढ़ाई, नींद और आखों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है। अगर आपका बच्चा भी घंटों फोन चलाता है और बार-बार मोबाइल मांगता है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान आदतें अपनाकर और फोन की सही सेटिंग्स का इस्तेमाल करके आप बच्चों का स्क्रीन टाइम कम कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: ड्रिंक्स से लेकर मीठे तक, सावन व्रत में ट्राई करें ये टेस्टी और हेल्दी रेसिपी
फोन इस्तेमाल करने का समय तय करें
सबसे पहले बच्चे के लिए रोजाना मोबाइल इस्तेमाल करने का एक तय समय बनाएं। जैसे पढ़ाई पूरी होने के बाद 30 मिनट या 1 घंटा ही फोन दें। इससे बच्चे को भी पता रहेगा कि कब फोन इस्तेमाल करना है और कब नहीं।
फोन में पेरेंटल कंट्रोल चालू करें
अगर बच्चा एंड्रॉइड या आई फोन इस्तेमाल करता है तो उसमें मिलने वाले पेरेंटल कंट्रोल फीचर को ऑन करें। इससे आप यह तय कर सकते हैं कि बच्चा कौन-से ऐप इस्तेमाल करेगा, कितना समय फोन चलाएगा और कौन-सा कंटेंट देख पाएगा।
यह भी पढ़ें: गर्भधारण से पहले क्यों जरूरी है गर्भाधान संस्कार? जानिए आयुर्वेद क्या कहता है
खाने और सोने के समय फोन न दें
खाना खाते समय या सोने से पहले बच्चों को मोबाइल देने से बचें। इससे उनकी नींद खराब हो सकती है और फोन की आदत भी बढ़ सकती है। कोशिश करें कि सोने से कम से कम एक घंटा पहले फोन बंद करवा दें।
खुद भी फोन कम इस्तेमाल करें
बच्चे वही सीखते हैं जो घर में देखते हैं। अगर माता-पिता हर समय फोन में लगे रहेंगे तो बच्चे भी वैसा ही करेंगे। इसलिए बच्चों के सामने खुद भी मोबाइल का इस्तेमाल कम करें।
फोन की जगह दूसरी एक्टिविटी कराएं
बच्चों को आउटडोर गेम, किताबें पढ़ने, ड्राइंग, पेंटिंग, पहेलियां या परिवार के साथ समय बिताने जैसी गतिविधियों में शामिल करें। इससे उनका ध्यान मोबाइल से हटेगा।
बच्चों से बात करें
बच्चे का फोन अचानक छीनने के बजाय उसे प्यार से समझाएं कि ज्यादा मोबाइल चलाने से क्या नुकसान हो सकते हैं। जब बच्चा वजह समझेगा तो नियम मानने की संभावना भी बढ़ेगी।
जरूरत पड़ने पर फैमिली या स्क्रीन टाइम फीचर का इस्तेमाल करें
एंड्रॉइड में गूगल फैमिली और आईफोन में स्क्रीन टाइम जैसे फीचर उपलब्ध हैं। इनकी मदद से आप ऐप की समय सीमा तय कर सकते हैं, नए ऐप डाउनलोड करने की अनुमति नियंत्रित कर सकते हैं और बच्चे की स्क्रीन टाइम रिपोर्ट भी देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: दिनभर फोन देखता है बच्चा? मां-बाप पहले बदलें ये 7 आदतें
कौन-से ऐप्स बच्चों के लिए सुरक्षित हैं?
- गूगल फैमिली लिंक (Google Family Link)
- यू-ट्यूब किड्स (YouTube Kids)
- किड्स मोड (Kids Mode)
- एप्पल स्क्रीन टाइम (Apple Screen Time)
ज्यादा मोबाइल चलाने से क्या नुकसान हो सकते हैं?
- आंखों पर असर पड़ सकता है।
- नींद खराब हो सकती है।
- पढ़ाई में ध्यान कम लग सकता है।
- शारीरिक गतिविधियां कम हो सकती हैं।
- चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है।
