इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) ने टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए खास कदम उठाया है। इसके मुताबिक मध्य और पश्चिम भारत में भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन चलेगी, जो शिव भगवान के कई मंदिरों के दर्शन कराएगी। यह ट्रेन 25 सितंबर 2026 से शुरू होगी और दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराएगी। इस ट्रेन से यात्रा करने के लिए व्यक्ति को कम से कम 88,810 रुपये देने होंगे। इसके अलावा, जो लोग एसी 1 सिंगल शेयर पर यात्रा करेंगे, उन्हें 1,34,255 रुपये किराया देना होगा।
IRCTC के मुताबिक, भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन में यात्रा करने वाले लोग सप्त ज्योतिर्लिंगों की यात्रा कर पाएंगे। इसमें लोग 11 दिनों में नागेश्वर, सोमनाथ, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर और त्र्यंबकेश्वर के दर्शन कर पाएंगे। IRCTC के अनुसार, ट्रेन के किराये में ही व्यक्ति को 3 स्टार होटलों में ठहरने, शाकाहारी खाने और एसी गाड़ियों से घूमने की सुविधा मिलेगी। जानकारी के लिए बता दें, भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन की टिकट बुक करने के लिए लोग IRCTC के टूरिज्म पोर्टल irctctourism.com/bharatgaurav पर जाकर बुक कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: राजनीतिक पार्टी नहीं लेकिन पद वैसे ही, CJP में किसे, क्या पोस्ट मिली?
किन-किन राज्यों में होगी यात्रा?
मध्य प्रदेश-यह ट्रेन सबसे पहले मध्य प्रदेश के उज्जैन जाएगी। जहां से उतरकर लोग महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कर पाएंगे। इसके बाद रातभर लोग महाकालेश्वर में ही रुकेंगे। उसके बाद सभी लोग ओंकारेश्वर जाएंगे, जहां प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने जाएंगे। साथ ही यहां लोग शिप्रा नदी के दर्शन करने जाएंगे।
गुजरात- मध्य प्रदेश की यात्रा के बाद ट्रेन गुजरात के द्वारका जाएगी। यहां भगवान कृष्ण का द्वारकाधीश मंदिर है, जहां लोग मंदिर के दर्शन करने जाएंगे। फिर रातभर लोग द्वारका के होटल में रुकेंगे। इसके बाद लोगों का समूह रुक्मिणी देवी मंदिर जाएगा। यह मंदिर भगवान कृष्ण कि पत्नी रुक्मिणी के प्रेम का प्रतीक है। इसके बाद पवित्र नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और बेट द्वारका में दर्शन करेंगे और फिर अगले दिन सोमनाथ के लिए ट्रेन यात्रा फिर से शुरू करेंगे। सोमनाथ भारत के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है। साथ ही भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में सबसे पहला है। इस यात्रा के दौरान सोमनाथ के दर्शन करने जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें: कौन हैं विश्वेश नेगी? जो बने ईरान में भारत के राजदूत, विदेश मंत्रालय का फैसला
महाराष्ट्र- गुजरात के बाद यह ट्रेन महाराष्ट्र जाएगी, जहां पुणे के पास भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन के लिए लोग जाएंगे। आगे बढ़ते हुए यात्री छत्रपति संभाजीनगर पहुंचेंगे, जहां वे एलोरा के कैलाश मंदिर की अद्भुत वास्तुकला और घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर को देखेंगे। इस यात्रा का आखिरी पड़ाव नासिक है, जो गोदावरी नदी के किनारे स्थित पवित्र त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर और पंचवटी के लिए जाना जाता है। इसी धार्मिक स्थल को देखने के बाद ट्रेन की वापसी की यात्रा शुरू होगी, जिसके बाद ट्रेन वापस दिल्ली आ जाएगी।
